Share

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने पीएम मोदी की मां के निधन पर जताया शोक
बता दें कि कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन का 100 साल की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही देश-दुनिया के नेताओं की तरफ से शोक संवेदनाओं का तांता लग गया।
जो बाइडेन
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन मोदी के निधन पर अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने भी दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘जिल और मैं PM नरेंद्र मोदी को उनकी मां हीराबेन मोदी के निधन पर अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हैं। इस कठिन समय में हमारी प्रार्थना PM और उनके परिवार के साथ है।’
कल हुआ था हीराबेन का निधन
बता दें कि कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन का 100 साल की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही देश-दुनिया के नेताओं की तरफ से शोक संवेदनाओं का तांता लग गया। जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा ने एक ट्वीट में कहा, ‘प्रधानमंत्री मोदी, मैं आपकी प्यारी मां के निधन पर गहरी संवेदनाएं प्रकट करता हूं। उनकी आत्मा को शांति मिले।’
बेंजामिन नेतन्याहू
इजराइल के नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी ट्वीट करके शोक प्रकट किया। नेतन्याहू ने कहा, ‘मेरे प्रिय मित्र नरेंद्र मोदी, भारत के प्रधानमंत्री, कृपया अपनी प्यारी मां के निधन पर मेरी संवेदना स्वीकार करें।’
शहबाज शरीफ
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने प्रधानमंत्री मोदी की मां हीराबेन के निधन पर शोक प्रकट किया। शरीफ ने ट्वीट किया ‘मां को खोने से बड़ा नुकसान और कोई नहीं हो सकता है। मां के निधन पर मेरी ओर से प्रधानमंत्री मोदी के प्रति शोक संवेदनाएं।’बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने प्रधानमंत्री मोदी की मां के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। मोदी को भेजे शोक संदेश में हसीना ने कहा, ‘भारी मन से, मैं, बांग्लादेश के लोगों और अपनी ओर से, आपकी प्यारी मां श्रीमती हीराबेन मोदी के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं।’ हीराबेन को एक गौरवान्वित मां बताते हुए उन्होंने कहा, ‘हमने देखा है कि एक मां, प्रेरक और संरक्षक के रूप में आपके जीवन के हर पहलू में उनकी भूमिका कितनी महत्वपूर्ण थी।पुष्प कमल दहल ‘प्रचंड’
नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ‘प्रचंड’ ने कहा कि मोदी की मां के निधन के बारे में जानकर उन्हें बहुत दुख हुआ है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘दुख की इस घड़ी में मैं प्रधानमंत्री मोदी जी और परिवार के सदस्यों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं।’ श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे ने प्रधानमंत्री मोदी के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने एक बयान में कहा, ‘प्रधानमंत्री मोदी की प्यारी मां के निधन से गहरा दुख हुआ। दुख की इस घड़ी में प्रधानमंत्री मोदी और उनके परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।’
भूटान के प्रधानमंत्री डॉ.लोटे शेरिंग ने ट्वीट किया, ‘प्रधानमंत्री मोदी की मां के निधन पर मेरी ओर से संवेदनाएं। अपने माता-पिता को खोने का दुख असहनीय है।’ श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे ने भी हीराबेन के निधन पर मोदी के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा ने भी मोदी की मां के निधन पर दुख जताते हुए उनके परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *