Share

उपचुनाव में हार के बाद भी क्यों मिठाई बांट रहे हैं पूर्व मंत्री, उनसे ही जान लीजिए
विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के अध्यक्ष मुकेश सहनी ने शनिवार को बिहार के विधानसभा क्षेत्र कुढ़नी में मिठाई बांटी।
विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के अध्यक्ष मुकेश सहनी ने शनिवार को बिहार के विधानसभा क्षेत्र कुढ़नी में मिठाई बांटी। हाल में ही कुढ़नी विधानसभा सीट पर उनके प्रत्याशी की जमानत जब्त हो गई थी फिर भी उनका मिठाई बांटना किसी को समझ में नहीं आया। ‘‘सन ऑफ मल्लाह’’ के नाम से मशहूर सहनी ने बताया, ‘‘कुढ़नी में भाजपा की जीत का जिक्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में अपने भाषण में किया। पार्टी के विजयी उम्मीदवार केदार प्रसाद गुप्ता ने कहा है कि निषाद समुदाय का उन्हें सामूहिक रूप से वोट नहीं मिला। यह हमारी (पार्टी की) अहमियत की स्वीकृति है।’’
VIP बिहार में हुए दो उपचुनाव लड़ी, दोनों हार गई
कुढ़नी में वीआईपी (VIP) उम्मीदवार नीलाभ कुमार करीब 10,000 मत हासिल कर तीसरे स्थान पर रहे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल (यूनाइटेड) के उम्मीदवार मनोज सिंह कुशवाहा दूसरे स्थान पर रहे। VIP प्रमुख ने कहा, ‘‘हमारी पार्टी ने हाल के दिनों में बिहार में हुए दो उपचुनाव लड़े हैं। हमने कुल 40,000 से अधिक मत प्राप्त किए हैं।’’ पूर्व मंत्री सहनी ने दावा किया, ‘‘इस साल बोचहां विधानसभा सीट पर उपचुनाव में हमें 30,000 के करीब वोट मिले थे। कुढ़नी में हमें नुकसान उठाना पड़ा क्योंकि भाजपा ने निषाद वोटों में बिखराव के लिए कई डमी उम्मीदवारों को खड़ा किया।’’ वीआईपी प्रमुख को जून में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के इशारे पर तत्कालीन राज्य मंत्रिमंडल से बाहर कर दिया गया था। अपने भविष्य के कदम के बारे में पूछे जाने पर सहनी ने कहा, ‘‘हम पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ इस मामले पर चर्चा करेंगे और फिर फैसला करेंगे। अभी मैं केवल इतना कहूंगा कि हम अगले चुनाव का सामना उस गठबंधन के हिस्से के रूप में करेंगे जो हमें उचित सम्मान देगा।’’

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *