Share

एजेंसी समाचार
बंगलुरू। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान एक हादसा हो गया है। इस यात्रा में शामिल 4 लोगों को करंट लग गया है, जिसके बाद पीड़ित लोगों को हॉस्पिटल में एडमिट करवाया गया है। गौरतलब है कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा आज (16 अक्टूबर) कर्नाटक के बेल्लारी से शुरू हुई थी। ये हादसा उस वक्त हुआ जब कुछ लोग कांग्रेस का झंडा और लोहे की छड़ को पकड़े हुए थे। इस बात की जानकारी कांग्रेस के प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्विटर पर दी है। उन्होंने कहा कि हादसे के फौरन बाद घायलों को हॉस्पिटल ले जाया गया।
सुरजेवाला ने ट्वीट कर कहा कि आज यात्रा के दौरान एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई। बेल्लारी में मोका टाउन के पास 4 लोग करंट की चपेट में आ गए। इस दौरान राहुल गांधी ने मुझे और विधायक नागेंद्र को सिविल हॉस्पिटल विजिट करने के लिए कहा। सभी लोग अब सुरक्षित हैं और खतरे से बाहर हैं। कांग्रेस चारों पीड़ितों को एक लाख रुपए मुआवजा देगी।
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा 7 सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुई थी। ये यात्रा जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में खत्म होगी। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से गुजरेंगे और कुल 3750 किमी का सफर पूरा करेंगे।
इस यात्रा को लोग राहुल गांधी के लिए संजीवनी बता रहे हैं क्योंकि यात्रा के दौरान राहुल जनता से काफी मिल-जुल रहे हैं और उनकी समस्याओं को भी सुन रहे हैं। राहुल जनता से कनेक्ट होने की कोशिश कर रहे हैं और बेरोजगारी, किसानों की कर्जमाफी, बेहतर शिक्षा जैसे मुद्दे उठा रहे हैं। राहुल की यात्रा में खूब भीड़ देखी जा रही है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *