नरेंद्र मोदी के इशारे पर हो रहा प्रतिशोध और धमकी की राजनीति, हमारे नेताओं के साथ आतंकवादियों जैसा सुलूक कर रहे; कांग्रेस का आरोप कांग्रेस ने भाजपा पर प्रतिशोध और धमकी भरी राजनीति का आरोप लगाया है। उसने यह दावा करते हुए कहा है कि भाजपा इस मुद्दे को लेकर डरी हुई है कि विपक्ष का यह प्रदर्शन कहीं सफल न हो जाए इसलिए महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ पांच अगस्त को प्रस्तावित उसके प्रदर्शन को विफल करने तथा लोगों का ध्यान भटकाना है।
भाजपा पर कांग्रेस ने साधा निशानाप्रतिशोध और धमकी की राजनीति करने का लगाया आरोपदिल्ली पुलिस ने सोनिया और राहुल के आवासों को घेरा
कांग्रेस ने बुधवार को दावा किया कि नरेंद्र मोदी सरकार के इशारे पर दिल्ली पुलिस ने उसके मुख्यालय, पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के आवासों को घेर रखा है तथा उसके नेताओं के साथ ‘आतंकवादियों जैसा सुलूक’ किया जा रहा है जो प्रतिशोध और धमकी की राजनीति है। मुख्य विपक्षी दल ने यह दावा भी किया कि इस ‘भयभीत सरकार’ ने महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ पांच अगस्त को प्रस्तावित उसके प्रदर्शन को विफल करने तथा लोगों का ध्यान भटकाने के मकसद से यह पूरी कवायद की है। दूसरी तरफ, पुलिस का कहना है कि ऐसी सूचना मिली थी कि कांग्रेस मुख्यालय पर प्रदर्शनकारी जमा हो सकते हैं, इसलिए ऐहतियातन यह कदम उठाया गया ताकि कोई अवांछित परिस्थिति न पैदा हो।
भाजपा के इस नीति से हम डरने वाले नहीं हैं -जयराम रमेश
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘आज जो हो रहा है, वह प्रतिशोध और धमकी की राजनीति है। परंतु एक कहावत है, ‘विनाशकाले विपरीत बुद्धि’। इस समय महंगाई, बेरोजगारी, GST का विनाशकाल है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मोदी सरकार 2 हफ्ते तक संसद में महंगाई पर चर्चा से भागती रही। अब 5 अगस्त को हमारे प्रदर्शन को रोकने के लिए गृहमंत्री और दिल्ली पुलिस आज से ही शुरुआत कर चुके हैं।’’ उन्होंने कहा कि जो धमकी देते हैं, जो प्रतिशोध की राजनीति करते हैं; जो भय का वातावरण फैलाते हैं, वही डरते हैं। डरने वाले हम नहीं हैं।
सरकार के दबाव में हम झुकेंगे नहीं -अजय माकन
कांग्रेस महासचिव अजय माकन ने कहा, ‘‘पांच अगस्त को महंगाई, बेरोजगारी और खाद्य पदार्थों पर जीएसटी लगाए जाने के खिलाफ प्रदर्शन का फैसला हुआ। आज DCP की तरफ से पत्र आया कि आप लोग कोई प्रदर्शन नहीं कर सकते। आज शाम को कांग्रेस मुख्यालय को छावनी में तब्दील कर दिया गया। सोनिया जी और राहुल जी के आवास पर पुलिस का पहरा है।’’ उन्होंने कहा कि सरकार चाहे जितना दबाव बना ले, हम महंगाई, बेरोजगारी और जीएसटी के खिलाफ प्रदर्शन के अपने फैसले से पीछे नहीं हटेंगे।’’
भाजपा सबसे घटिया स्तर की राजनीति कर रही -अभिषेक मनु सिंघवी
कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा, ‘‘भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र हैं और वहां ‘सीज करने की मानसिकता’ होना दुखद है। इस पूरी कवायद का मकसद एक तरफ अपमानित करना और धमकाना और दूसरी तरफ महत्वपूर्ण मुद्दों से ध्यान भटकाना और बरगलाना है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘आज सरकार ने डर का माहौल पैदा किया है। पूरा देश देख रहा है कि ईडी का इस्तेमाल देश की सबसे पुरानी पार्टी के नेतृत्व के खिलाफ किस तरफ कर रहे हैं। यह एक भयभीत सरकार है।’’ सिंघवी ने दावा किया, ‘‘आप (सरकार) इस संस्था, इस पार्टी, इन नेताओं के साथ आतंकवादियों की तरह सुलूक कर रहे हैं। यह सबसे घटिया स्तर की राजनीति है ताकि ध्यान भटकाया जा सके।’’











