UP: केंद्र ने यूपी को कृषि क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने को दिए अहम सुझाव, मुख्य सचिव ने 15 जून तक मांगी रिपोर्ट

276
Share

लखनऊ. केंद्र सरकार ने प्रदेश को कृषि क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं। मुख्य सचिव ने केंद्र के सुझाव व मॉडल का अध्ययन कर 15 जून तक रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है। मुख्य सचिव ने कहा है कि राज्य सरकार सुझावों पर अमल करेगी।

केंद्रीय खाद्य एवं वितरण विभाग के सचिव सुधांशु पांडेय और मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा ने लोकभवन में संयुक्त बैठक कर खाद्य वितरण, कृषि व गन्ना विकास के संबंध में विचार-विमर्श किया।
पांडेय ने कहा कि यूपी में आवश्यकता के अनुरूप पैदावार बढ़ाई जाए तो प्रदेश कृषि क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन सकता है। साथ ही अन्य राज्यों की जरूरतों को भी पूरा कर सकता है। बीज की गुणवत्ता जितनी बेहतर होगी, पैदावार उतनी ही अधिक होगी।

उन्होंने बीज की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए कृषि संस्थानों के साथ मिलकर प्रयास का सुझाव दिया। खरीद व्यवस्था के आधुनिकीकरण पर बल देते हुए उन्होंने कहा, कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के प्रयासों में केंद्र पूरा सहयोग करेगा। उन्होंने इस संबंध में कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। मुख्य सचिव ने कृषि क्षेत्र में प्रगति के लिए पांडेय के सुझावों पर अमल का भरोसा दिलाया।

कहा, कृषि क्षेत्र प्रदेश सरकार की शीर्षतम प्राथमिकताओं में है। इसके लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य हो रहा है। उन्होंने अधिकारियों को पांडेय के सुझावों व मॉडलों का अध्ययन कर 15 जून तक रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। बैठक में अपर मुख्य सचिव गन्ना विकास संजय आर. भूसरेड्डी, प्रमुख सचिव सहकारिता बीएल मीना, प्रमुख सचिव खाद्य एवं रसद वीना कुमारी मीना और सचिव कृषि अनुराग यादव भी शामिल हुए।

LEAVE A REPLY