Share

सीतापुर। समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता आजम खान आज शुक्रवार को 27 महीने बाद जेल से रिहा हुए। वे सीतापुर जेल में बंद थे. सुबह से उनके समर्थकों की भीड़ सीतापुर जेल के आसपास जमा थी। आजम खान को लेने उनके दोनों बेटे अब्दुल्ला और अदीब सीतापुर जेल पहुंचे थे। वहीं, प्रसपा प्रमुख शिवपाल यादव भी आजम खान को लेने सीतापुर जेल पहुंच गए। बता दें कि आजम खान को सुप्रीम कोर्ट ने 19 मई को अंतरिम जमानत दे दी थी।
सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद उनकी रिहाई के आदेश का इंतजार किया जा रहा था। कल शाम 5.30 बजे तक आजम की रिहाई के आदेश की सर्टिफाइड कॉपी जेल तक नहीं पहुंच पाई थी, इसलिए वे कल रिहा नहीं हो पाए थे। रिहाई के आदेश की सर्टिफाइड कॉपी देर रात तक जेल प्रशासन को भेज दिया गया।
शिवपाल सिंह यादव ने आजम खान को लेने सीतापुर जेल पहुंचे, इसकी जानकारी उन्होंने ट्वीट कर दी। उन्होंने ट्वीट किया, “सूबे के आवाम के लिए यह सुखद है कि आजम खान साहब आज उनके चाहने वालों के बीच होंगे…मैं सीतापुर के लिए निकल चुका हूं, उत्तर प्रदेश के क्षितिज पर नया सूरज निकल रहा है। आइए, आजम खान साहब का इस्तकबाल करें।”
वहीं, आजम खान की रिहाई को लेकर उनके बेटे अब्दुल्ला आजम खान ने भी एक ट्वीट किया है. उन्होंने लिखा है, “इंशाल्लाह कल 20.05.2022 को सुबह सूरज की पहली किरण के साथ मेरे वालिद इंशाल्लाह एक नए सूरज की तरह जेल से बाहर आएंगे और इस नई सुबह की किरणे तमाम जुल्मतों के अंधेरों को मिटा देंगी’”
आजम खान की रिहाई पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी ट्वीट किया है.
गौरतलब है कि आजम खान भ्रष्टाचार और कई अन्य मामलों में 27 महीने से सीतापुर की जेल में बंद थे. सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को उन्हें अंतरिम जमानत दे दी थी. इसके साथ ही उन्हें सभी 88 मुकदमों में जमानत मिल चुकी है और वे जेल से रिहा हो गए हैं.

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *