Share

नई दिल्ली. कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच भारतीय शेयर बाजार सप्ताह के चौथे दिन गुरुवार को खुलते ही औंधे मुंह गिर गया। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स सूचकांक 900 अंक या 1.66 फीसदी टूटकर 53,308 के स्तर पर खुला, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी सूचकांक ने 269 अंक या 1.66 फीसदी की गिरावट के साथ एक बार फिर 16000 के नीचे पहुंचकर 15,971 के स्तर पर कारोबार की शुरुआत की। फिलहाल, सेंसेक्स 1027 अंक की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है।

निवेशकों को हुआ भारी नुकसान
बाजार खुलने के साथ ही लगभग 370 शेयरों में तेजी आई है, 1629 शेयरों में गिरावट आई है और 73 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। शुरुआती कारोबार में ही आई इस बड़ी गिरावट के कारण निवेशकों को एक झटके में ही करोड़ों का चूना लग गया। एक ओर जहां बुधवार को बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 2,55,77,445.81 करोड़ रुपये था, वो आज बाजार खुलने के साथ आई गिरावट के बाद कम होकर 2,50,96,555.12 करोड़ रुपये रह गया। यानी इसमें लगभग 4.80 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई है।

आईटीसी के शेयरों की लंबी छलांग
इस गिरावट के बीच सेंसेक्स में लिस्टेड 30 कंपनियों में से 29 लाल निशान पर दिखाई दिए। इस बीच आपको बता दें कि भारी गिरावट के बावजूद भी गुरुवार को आईटीसी लिमिटेड का शेयर उछाल पर रहा और इसने 1.5 फीसदी की तेजी लेते हुए तीन साल के हाई को छू लिया। इसके विपरीत न्यूपिन का शेयर नौ फीसदी टूटकर दो साल के निचले स्तर पर आ गया।

बुधवार को लाल निशान पर हुआ था बंद
इससे पहले बीते कारोबारी सत्र बुधवार को शेयर बाजार के दोनों सूचकांक बढ़त के साथ खुले लेकिन दिनभर के उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बाद अंत में गिरावट के साथ लाल निशान पर बंद हुए। बीएसई का सेंसेक्स 110 अंक टूटकर 54,208 के स्तर पर बंद हुआ था, जबकि एनएसई का निफ्टी सूचकांक 19 अंक फिसलकर 16,240 के स्तर पर बंद हुआ था।

विदेशी बाजारों में भी मचा कोहराम
भारतीय शेयर बाजारों पर दरअसल, वैश्विक बाजारों में आए कोहराम का असर दिखाई दिया है। बता दें बुधवार को डाऊ जोंस 1,164.52 अंक या 3.57% लुढ़ककर 31,490.07 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, नैस्डैक भी 4.73 फीसद या 566 अंकों का गोता लगाकर 11428 के स्तर पर आ गया। इसके अलावा एसएंडपी भी 4.04 फीसद या 165 अंकों की भारी गिरावट के साथ 3923 के स्तर पर बंद हुआ। रिपोर्ट के मुताबिक, वॉल स्ट्रीट ने दो साल में सबसे बड़ी एकदिनी गिरावट देखी।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *