Share

कानपुर में गंगा किनारे 1945 में बने ग्रीनपार्क स्टेडियम के इतिहास एक नया अध्याय लिखे जाने की कवायद शुरू हो गई है। 20 हजार दर्शकों की क्षमता और बढ़ाने के लिए मंडलायुक्त डॉ. राजशेखर ने मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा से बजट मांगा है। मंडलायुक्त का प्रयास अगर सिरे चढ़ा, तो अगले कुछ सालों में ग्रीनपार्क स्टेडियम की क्षमता 50 हजार तक पहुंच जाएगी।
इसके बाद यह स्टेडियम लखनऊ के इकाना स्टेडियम को टक्कर दे सकेगा। वर्तमान में ग्रीनपार्क में करीब तीस हजार दर्शक बैठ सकते हैं, जबकि इकाना स्टेडियम की क्षमता 50 हजार है। शहर के दौरे पर आए मुख्य सचिव ने मंगलवार को पत्नी के साथ सुबह आठ बजे ग्रीनपार्क स्टेडियम में चल रहे कामों का निरीक्षण किया। इस दौरान दर्शक क्षमता को बढ़ाने के लिए आयुक्त ने मुख्य सचिव से धनराशि की मांग की। ताकि राजधानी लखनऊ में बने इकाना स्टेडियम जैसे निजी स्टेडियम के साथ प्रतिस्पर्धा के लिए ग्रीनपार्क स्टेडियम को तैयार किया जा सके।
इस दौरान मंडलायुक्त ने कानपुर स्मार्ट सिटी के जरिये स्टेडियम को और बेहतर बनाने के लिए चल रहे पहले चरण के कामों का निरीक्षण कर समय से पूरा करने के लिए कहा। मुख्य सचिव ने मेहमानों और क्रिकेट प्रेमियों की जानकारी और सक्रिय भागीदारी के लिए दो से तीन बिंदुओं पर इंटरेक्टिव डिजिटल कियोस्क व डिस्प्ले की स्थापना करने का सुझाव दिया। मंडलायुक्त ने सीईओ स्मार्ट सिटी को तीन माह में इसे लगाने के निर्देश दिए। वहीं, सीएस से ग्रीनपार्क विजिटर गैलरी और नई निर्माणाधीन बैडमिंटन कोर्ट की सुविधाओं को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए ग्रीनपार्क क्लब स्थापित करने का भी सुझाव दिया।
ये सुविधाएं जल्द हो जाएंगी शुरू
स्टेडियम में कानपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने विजिटर गैलरी की स्थापना की महत्वाकांक्षी परियोजना शुरू की है। इसे दो चरणों में किया गया है। पहले चरण में यह परियोजना चार करोड़ की है, जिसमें छह खंड हैं। इसमें प्रदर्शन अनुभाग के अलावा रेस्तरां, स्मारिका की दुकान, दो वर्चुअल पिच, थियेटर, डिस्प्ले सेक्शन, क्रिकेट कैफे व ऑडियो विजुअल रूम बनाए जा रहे हैं। ये सभी सुविधाएं अगले महीने शुरू हो जाएंगी। दूसरे चरण में लगभग तीन करोड़ से एक अतिरिक्त डिस्प्ले सेक्शन, सेल्फी प्वाइंट, पुरुष और महिला के लिए अतिरिक्त शौचालय का काम अगले छह महीनों में पूरा किया जाएगा।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *