रणबीर कपूर के साथ शादी करने के बाद आलिया भट्ट कपूर खानदान की बहू बन गई हैं। आलिया और रणबीर ने एक निजी समारोह में सात फेरे लिए थे। इस दौरान उनके परिवार के लोग और सिर्फ करीबी रिश्तेदार ही शामिल हुए थे। शादी में आलिया ने पारंपरिक लाल रंग का लहंगा न पहनकर ऑफ व्हाइट रंग की साड़ी पहनी थी। शादी के दिन आलिया बहुत खूबसूरत लग रही थीं। आलिया भट्ट सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहती हैं। वह अक्सर अपनी फोटो और वीडियो शेयर करती रहती हैं। फैंस भी उनकी तस्वीरों पर खूब प्यार लुटाते हैं।
हाल ही में आलिया भट्ट ने सोशल मीडिया पर अपनी चार तस्वीरें शेयर की हैं। तस्वीरें शेयर करते हुए उन्होंने लिखा- जनवरी से अप्रैल, सेल्फी लाइफ में। अपनी चार महीनों की जर्नी को आलिया ने तस्वीरों में उतारा है। पहली सेल्फी में वह सूरज की रोशनी में नजर आ रही हैं। दूसरी तस्वीर में आलिया एक खास लेटर लिए हुए हैं। दरअसल ये लेटर आलिया को अमिताभ बच्चन ने फिल्म गंगूबाई काठियावाड़ी में उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए दिया था।
तीसरी तस्वीर में आलिया अजीब से एक्सप्रेशन दे रही हैं। उनके बालों में गेंदे के फूल की पंखुड़ियां नजर आ रही हैं। ये तस्वीर वाराणसी में फिल्म ब्रह्मास्त्र की शूटिंग के दौरान की लग रही हैं। वहीं चौथी तस्वीर में आलिया भट्ट पूल में एंजॉय कर रही हैं। इस तस्वीर में उनका आधा चेहरा ही दिख रहा है। इस पोस्ट के साथ उन्होंने लिखा है- जनवरी से अप्रैल तक की सेल्फी लाइफ।
आलिया भट्ट की इस तस्वीर को फैंस भी खूब पसंद कर रहे हैं। उनकी तस्वीरों पर लाइक्स और कमेंट्स की बारिश हो रही है। बहुत से फैंस आलिया को खूबसूरत और गॉर्जियस बता रहे हैं तो वहीं कई फैंस रणबीर कपूर को लेकर भी सवाल कर रहे हैं। बता दें कि आलिया भट्ट ने बीते 14 अप्रैल को 5 साल के रिलेशनशिप के बाद रणबीर कपूर से शादी कर ली थी।











