Share

वाराणसी. यूपी सरकार-2 के शपथ ग्रहण समारोह का साक्षी बनने के लिए बनारस से भाजपा के पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता लखनऊ के लिए रवाना हुए हैं। महानगर अध्यक्ष विद्या सागर राय ने बताया कि 25 मार्च को योगी सरकार 2.0 के शपथ ग्रहण समारोह के लिए महानगर की तीनों विधानसभा क्षेत्रों से तीन-तीन बसों सहित कुल 10 बसों की व्यवस्था की गई है।

इसमें एक बस महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं के लिए आरक्षित की गई है। प्रदेश सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ देश भर के तीन सौ संतों का सम्मान करेंगे। सम्मान समारोह में शामिल होने के लिए काशी क्षेत्र के 39 संत और विद्वान समेत सभी लखनऊ पहुंच चुके हैं।

योगी सरकार के आज होने वाले शपथ ग्रहण समारोह पर पूर्वांचल की खास निगाह टिकी है। पूर्वांचल के 10 जिलों से दस से ज्यादा विधायकों के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ शपथ लेने की उम्मीद है।
योगी सरकार के लिए मांगा बाबा विश्वनाथ व मां गंगा से आशीर्वाद
नमामी गंगे के सदस्य

योगी सरकार के शपथ ग्रहण के पूर्व नमामि गंगे ने गंगा द्वार से श्री काशी विश्वनाथ व मां गंगा की आरती उतारी। आरती के जरिए उन्होंने देश और प्रदेश के विकास के लिए आशीर्वाद मांगा। बृहस्पतिवार को गंगा द्वार पर मां गंगा का दुग्धाभिषेक कर योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तम प्रदेश की कामना की गई।

भगवा ध्वज, राष्ट्रध्वज और डमरू निनाद संग मां गंगा की आरती उतारी गई। नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक राजेश शुक्ला ने बताया कि गंगा द्वार से बाबा विश्वनाथ और मां गंगा की आरती उतारकर हमने राष्ट्र और प्रदेश के लिए सुख और समृद्धि की कामना की है ।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *