Share

सोनीपत. व्यवसायी, बिल्डर और शिक्षण संस्थान चलाने वाले हरिप्रकाश मंगला के ठिकानों पर आयकर विभाग की टीम ने बुधवार को छापा मारा। आयकर विभाग की अलग-अलग टीमों ने मंगला के साथ ही उनके रिश्तेदारों व सहयोगियों के यहां भी एक साथ छापे मारे हैं। सोनीपत के साथ ही गुरुग्राम, हिसार व दिल्ली में करीब 42 ठिकानों पर एक साथ जांच की जा रही है।

हरिप्रकाश मंगला व उनके संस्थान पहले भी आयकर विभाग के निशाने पर रहे हैं। हालांकि इस बार बड़े स्तर पर रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। कार्रवाई आयकर विभाग की पंचकूला, दिल्ली, गुरुग्राम, पानीपत की टीमें कर रही हैं। जिनमें करीब 300 अधिकारी शामिल हैं। इसके अलावा गुरुग्राम पुलिस की मदद ली जा रही है।

बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई 2-3 दिन चल सकती है। जांच टीमों ने मंगला ग्रुप द्वारा तीन साल के दौरान प्रॉपर्टी की खरीद-फरोख्त और निवेश संबंधी कागजात कब्जे में लिए हैं। इन प्रॉपर्टी की बाजार कीमत व कागजात में दर्ज कीमत की जानकारी जुटाई जा रही है।

आयकर विभाग को सूचना मिली थी कि सोनीपत के व्यवसायी हरिप्रकाश मंगला अपने रिश्तेदारों व हिस्सेदारों के साथ मिलकर जो व्यवसाय कर रहे हैं, उनमें अनियमितताएं बरती जा रही हैं। जिस पर बुधवार सुबह करीब सात बजे गेटवे शिक्षण संस्थान के मालिक और शहर के बड़े कारोबारी हरिप्रकाश मंगला की सेक्टर-14 की कोठी संख्या-119 और दिल्ली समेत अन्य शहरों में स्थित प्रतिष्ठानों पर आयकर विभाग की दर्जनों टीमों ने छापा मारा।

करीब 60-70 गाड़ियों से अधिकारी और कर्मचारी मंगला के प्रतिष्ठानों पर पहुंचे और जांच शुरू की। पांच इनोवा गाड़ियों में सवार टीम मंगला की कोठी पर पहुंची और दिनभर जांच की। शहर में दिनभर मंगला पर छापों की चर्चा होती रही। आयकर विभाग के सूत्रों के अनुसार, करीब 42 ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई शुरू की गई है। जिसके बाद व्यापारियों व उद्योगपतियों में हड़कंप मच गया। सोनीपत में ही करीब 12 जगह रिकॉर्ड जांचा जा रहा है।

सीए के घर पर भी खंगाला रिकॉर्ड
आयकर विभाग की टीम ने हरिप्रकाश मंगला, उनके बेटे, रिश्तेदारों के अलावा पटेल नगर की गली नंबर छह में रह रहे उनके सीए के घर, गेटवे शिक्षण संस्थान, कोल्ड स्टोर, विवि और अन्य प्रतिष्ठानों पर दिनभर रिकॉर्ड खंगालने में लगी रही। टीम ने तहसील परिसर में जांच की। उन्होंने वहां मंगला की जमीनों की रजिस्ट्री के लिए डीड लिखने वाले के खोखे पर जाकर भी जांच की और पूछताछ की।

तीन साल में की खरीद-फरोख्त का रिकॉर्ड कब्जे में लिया
बताया जा रहा है कि आयकर विभाग की टीमों ने मंगला ग्रुप द्वारा तीन साल में की गई खरीद-फरोख्त व निवेश का रिकॉर्ड कब्जे में लिया है। आयकर विभाग को कई अनियमितता मिलने की उम्मीद है। आयकर विभाग की टीम का कहना है कि हरियाणा ही नहीं बल्कि अन्य राज्यों में भी प्रापर्टी में निवेश किया है। शिक्षण संस्थान के माध्यम से भी टैक्स में गड़बड़ी की शिकायत थी। टीम ने पिछले तीन सालों के दौरान फाइल की गई रिटर्न तथा उनकी मौजूदा प्रापर्टी की कीमत का रिकॉर्ड जुटाया है। उनके लोन व निवेश के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

सोनीपत में करीब 12 जगह जाकर जांचा रिकॉर्ड
आयकर विभाग से सूत्रों के अनुसार, सोनीपत में ही मंगला व उसके सहयोगियों के 12 ठिकानों पर छापे मारने व रिकॉर्ड जांचने की प्रक्रिया की गई है। इनमें हरिप्रकाश के आवास, गेटवे संस्थान, उत्सव गार्डन, समेत अन्य सहयोगियों के ठिकानों पर भी आयकर विभाग की टीमों का डेरा है।

60 से अधिक गाड़ी में करीब 300 कर्मी पहुंचे
बताया जा रहा है कि सोनीपत में 60 से अधिक गाड़ियों में आयकर के करीब 300 अधिकारी-कर्मचारी पहुंचे हैं। साथ ही गुरुग्राम से करीब 30 पुलिस कर्मी भी साथ हैं। आयकर विभाग की टीम बारीकी से जांच में जुटी है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *