Share

भारत ने तीन वनडे मैचों की सीरीज में वेस्टइंडीज का सूपड़ा साफ कर दिया है। उसने शुक्रवार (11 फरवरी) को अहमदाबाद में खेले गए तीसरे वनडे मैच में विंडीज को 96 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने सीरीज को 3-0 से अपने नाम कर लिया। भारतीय टीम इस साल पहली बार कोई वनडे सीरीज अपने नाम करने में सफल रही है। इससे पहले दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उसे सीरीज में 0-3 से हार मिली थी। टीम इंडिया ने पहली बार वनडे सीरीज में वेस्टइंडीज का सफाया किया है।

रोहित शर्मा ने अपनी कप्तानी में लगातार दूसरी सीरीज में किसी टीम का सफाया किया है। उन्हें पिछले साल टी20 वर्ल्ड कप के बाद टीम इंडिया का टी20 कप्तान बनाया गया था। अपनी पहली सीरीज में न्यूजीलैंड को तीन टी20 मैचों में 3-0 से रौंदा था। इसके बाद उन्हें भारतीय टीम के दक्षिण अफ्रीका दौरे से ठीक पहले वनडे टीम का कप्तान बनाया गया था। हालांकि, वे दक्षिण अफ्रीका दौरे पर फिटनेस की समस्याओं के कारण नहीं जा सके थे। अब वनडे सीरीज में वेस्टइंडीज का सफाया कर अपनी कप्तानी का लोहा मनवाया है।

प्रसिद्ध कृष्णा चुने गए मैन ऑफ द सीरीज
मैच में भारत के मध्यक्रम के बल्लेबाजों के साथ-साथ गेंदबाजों ने भी जबरदस्त प्रदर्शन किया। श्रेयस अय्यर ने 111 गेंद की पारी में 80 रन बनाए। ऋषभ पंत ने 54 गेंद पर 56 रन बनाए। इसके बाद गेंदबाजों में मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने तीन-तीन विकेट लिए। दीपक चाहर और कुलदीप यादव को दो-दो सफलता मिली। भारत ने 50 ओवर में 10 विकेट पर 265 रन बनाए। जवाब में वेस्टइंडीज की टीम 37.1 ओवर में 10 विकेट पर 169 रन बनाए। प्रसिद्ध कृष्णा को मैन ऑफ द सीरीज और श्रेयस अय्यर को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

भारत का शीर्षक्रम फेल
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का सामना किया। वनडे मैचों में 320 दिन बाद रोहित शर्मा और शिखर धवन ने एकसाथ ओपनिंग बल्लेबाजी की, लेकिन कोई कमाल नहीं कर सके। रोहित 13 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने धवन के साथ सिर्फ 16 रन की साझेदारी की। रोहित को अल्जारी जोसेफ ने आउट किया। उनके बाद पूर्व कप्तान विराट कोहली खाता भी नहीं खोल सके। जोसेफ की गेंद पर उन्होंने विकेटकीपर शाई होप को कैच थमा दिया। शिखर धवन को ओडेन स्मिथ ने 10 रन के निजी स्कोर पर आउट कर दिया। टीम का शीर्षक्रम 9.3 ओवर में 42 रनों पर ढह गया।

मध्यक्रम में पंत और अय्यर ने किया कमाल
तीन विकेट गिरने के बाद ऋषभ पंत और श्रेयस अय्यर ने टीम की पारी को संभाला। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 110 रनों की साझेदारी की। अय्यर ने अपनी पारी 80 रन की पारी में नौ चौके लगाए। वहीं, पंत ने 56 रन की पारी में छह चौके और एक छक्का लगाया। पंत के आउट होने के बाद सूर्यकुमार यादव क्रीज पर आए, लेकिन वे इस मैच में फेल रहे। वे सात गेंदों पर छह रन बनाकर फैबियन एलेन की गेंद पर आउट हो गए। उनके बाद अय्यर को हेडन वॉल्श जूनियर ने आउट किया।

नीचले क्रम ने एक बार भी टीम की नैया पार लगाई
187 रन पर छह विकेट गिर जाने के बाद वॉशिंगटन सुंदर और दीपक चाहर ने सातवें विकेट के लिए 53 रनों की साझेदारी की। चाहर 38 गेंद पर 38 रन बनाकर जेसन होल्डर का शिकार बन गए। उन्होंने चार चौके और दो छक्के लगाए। वॉशिंगटन सुंदर ने 34 गेंद पर 33 रन बनाए। इस दौरान दो चौके और एक छक्का लगाया। कुलदीप यादव पांच और मोहम्मद सिराज चार रन बनाकर आउट हुए।

वेस्टइंडीज ने एक बार फिर किया निराश
वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने सीरीज में लगातार तीसरी बार निराश किया। इस मैच में तो कोई भी बल्लेबाज अर्धशतक नहीं लगा सका। ओडेन स्मिथ ने सबसे ज्यादा 36 रन बनाए। उनके अलावा कप्तान निकोलस पूरन ने 34, अल्जारी जोसेफ ने 29, डैरेन ब्रावो ने 19, ब्रैंडन किंग ने 14 और हेडेन वॉल्श जूनियर ने 13 रन बनाए। जेसन होल्डर छह और शाई होप पांच रन बनाकर आउट हुए। शामराह ब्रूक्स और केमार रोच खाता भी नहीं खोल सके।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *