Share

बीजिंग। चीन ने दावा किया है कि उसने कोरोना वायरस (कोविड-19) से बचने के लिए एक वैक्सीन खोज निकाली है। कोरोना के आतंक से परेशान पूरी दुनिया के लिए इसे एक बड़ी खबर के तौर पर देखा जा रहा है।
इस वैक्सीन को चीनी सेना की उसी मेजर जनरल की टीम ने ईजाद किया है जिन्होंने कुछ साल पहले एसएआरएस (सार्स) और इबोला जैसे खतरनाक वायरस से बचने की वैक्सीन बनाई थी और दुनिया को उसके खतरे से बचाया था। चीनी सेना की मेडिकल टीम पिछले एक महीने से वुहान में पीपुल्स लिबरेशन आर्मी की मेडिकल विशेषज्ञ शेन वेई के नेतृत्व में इस वैक्सीन को तैयार करने में लगी थी। चाइना सेंट्रल टेलीविजन के मुताबिक शेन की टीम ने कोरोना वायरस की इस वैक्सीन को तैयार करने में कामयाबी पा ली है।
53 साल की शेन ने सीसीटीवी को बताया कि उनकी टीम ने रात-दिन एक कर इस वैक्सीन के क्लिनिकल एप्लीकेशन को तैयार कर लिया है। 2002 में सार्स फैलने के दौरान और 2014 में इबोला वायरस के खतरे से बचाने में अहम भूमिका निभाने वाली शेन और उनकी टीम के साथ मिलकर मिलिट्री मेडिकल साइंस अकादमी ने ऐसे खतरनाक वायरस से बचने के लिए वायरस की जांच के लिए एक किट, दवाइयां और वैक्सीन बनाने में कामयाबी पाई है।
यह चीन की एक बेहद प्रतिष्ठित अकादमी है जिसमें 26 विशेषज्ञ, 50 से ज्यादा वैज्ञानिक और 500 से ज्यादा बेहद अनुभवी लोग काम करते हैं। चीन का दावा है कि जल्दी ही यह वैक्सीन लोगों के लिए उपलब्ध हो जाएगी और कोरोना के आतंक को खत्म कर दिया जाएगा।
कोरोना वायरस की वैक्सीन तलाश लेने की खबर फैलते ही चीन की सोशल मीडिया में खुशी की लहर दौड़ गई और लोगों ने इसकी कामयाबी के बारे में ढेर सारे संदेश पोस्ट किए। शेन ने एक इंटरव्यू में कहा कि वैसे तो दुनिया भर के वैज्ञानिक कोरोना वायरस के वैक्सीन बनाने की कोशिश में लगे हैं, खुद अमेरिकी राषट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने भी जनवरी में दावा किया था कि कुछ महीनों में यह वैक्सीन आ जाएगी।
लेकिन एक महीने की कड़ी मेहनत के दौरान ही यह कामयाबी मिल जाएगी, यह बेशक हमारे लिए बेहद राहत की बात है। हमें पूरा भरोसा है कि अब हम जल्द से जल्द कोरोना से अपनी जंग जीत लेंगे।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *