हरिद्वार। किसानों को अब पर्चियों की जानकारी के लिए अधिकारियों की परिक्रमा नहीं करनी पड़ेगी। समिति ने किसानों को पर्चियों की जानकारी देने के लिए सूचना पट बना दिया है, जिसे देख किसान अपनी पर्चियों के बारे में जानकारी हासिल कर सकते हैं।
गन्ना विकास समिति ज्वालापुर से जुड़े किसान लक्सर, इकबालपुर, ज्वालापुर व लिब्बरहेड़ी शुगर मिल को अपना गन्ना बेचते हैं, लेकिन इस साल से गन्ना खरीद पर्चियां जारी करने का सिस्टम आनलाइन कर दिया है। इससे ज्वालापुर, इकबालपुर, लिब्बरहेड़ी और लक्सर गन्ना समिति के किसानों को एक साथ सहायक गन्ना आयुक्त कार्यालय से ऑनलाइन पर्चियां जारी की जाती हैं। किसानों को पर्चियां जारी होने की जानकारी के लिए समितियों के कर्मचारियों के पास पहुंचना पड़ रहा हैं। कई बार किसानों को कर्मचारी नहीं मिलने से यह पता नहीं चल पाता है कि उन्हें कब तक की पर्चियां जारी हुई हैं। इस समस्या को देखते हुए ज्वालापुर गन्ना समिति परिसर में सूचना पट बना दिया गया है।
समिति के सचिव अशोक कुमार ने बताया कि सूचना पट रोजाना पर्चियां जारी होने की जानकारी लिख दी जाती है, जिससे किसान जानकारी प्राप्त कर अपने मिल को गन्ना बेच सकेंगे। हर दिन की पर्चियां जारी होने की जानकारी लिखने की जिम्मेदारी एक कर्मचारी को दी गई है।











