Share

एजेंसीं न्यूज
नई दिल्ली। बुधवार को आम आदमी को बड़ा झटका लगा है। आज गैर सब्सिडी वाले घरेलू गैस सिलिंडर के दाम में भारी वृद्धि हुई है। इंडियन ऑयल की वेबसाइट के अनुसार, दिल्ली में 14.2 किलो वाला सिलिंडर 144.50 रुपये महंगा हो गया है। इसका दाम अब बढ़कर 858.50 रुपये हो गया। वहीं कोलकाता में यह 149 रुपये बढ़कर 896.00 रुपये हो गया। मुंबई में इसका दाम 145 रुपये बढ़कर 829.50 रुपये हो गया। वहीं चेन्नई में यह 147 रुपये बढ़कर 881 रुपये का हो गया है। बता दें कि इस साल एक जनवरी के बाद गैस सिलिंडर के दाम नहीं बढ़े थे। जबकि उससे पहले लगातार चार बार रसोई गैस सिलिंडर की कीमत में बढ़ोतरी हुई थी।
नए साल में एक जनवरी 2020 को देश के प्रमुख महानगरों में बिना-सब्सिडी वाला गैस सिलिंडर करीब 19.00 रुपये महंगा हुआ था। इससे पहले ग्राहक दिल्ली में 14.2 किलो के बिना सब्सिडी वाले सिलिंडर के लिए 714.00 रुपये चुका रहे थे। कोलकाता में इसका दाम 747 रुपये था। वहीं मुंबई और चेन्नई में 14.2 किलो के बिना सब्सिडी वाले सिलिंडर का दाम क्रमशः 684.50 और 734.00 रुपये था।
वहीं एक फरवरी को 19 किलो वाले सिलिंडर के दाम में बदलाव हुआ था। दिल्ली में इसका दाम 1,466 रुपये है, कोलकाता में 1,540 रुपये, मुंबई में 1,416 रुपये और चेन्नई में 1,589.50 रुपये।
मौजूदा समय में सरकार एक वर्ष में प्रत्येक घर के लिए 14.2 किलोग्राम के 12 सिलिंडरों पर सब्सिडी प्रदान करती है। अगर ग्राहक इससे ज्यादा सिलिंडर लेना चाहते है, तो वे उन्हें बाजार मूल्य पर खरीदते हैं। गैस सिलिंडर की कीमत हर महीने बदलती है। इसकी कीमत औसत अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क और विदेशी विनिमय दरों में बदलाव जैसे कारक निर्धारित करते हैं।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *