Share

देहरादून। बिना आरक्षण पदोन्नति पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी के दिए गए बयान से आक्रोशित कर्मचारी पूरे राज्य में जिला मुख्यालयों पर सड़क पर उतरे। देहरादून में उत्तराखंड जनरल-ओबीसी इम्पलॉयज एसोसिएशन के बैनर तले कर्मचारी घंटाघर से राहुल गांधी के पुतले की अर्थी लेकर कांग्रेस भवन घेरने निकले, लेकिन पुलिस ने एस्लेहॉल चैक पर उन्हें रोक लिया। इससे भड़के कर्मचारी सड़क पर ही धरने पर बैठकर सभा करने लगे। कर्मचारी नेताओं ने चेतावनी दी कि कर्मचारियों के व्यापक हित से जुड़े मुद्दे पर राजनीति बर्दाश्त नहीं होगी। सरकार को भी चेताया कि बीस फरवरी तक बिना आरक्षण पदोन्नति प्रक्रिया बहाल नहीं की गई तो हड़ताल पर जाना तय है।
बता दें, कर्मचारी संगठनों की ओर से दाखिल याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने सात फरवरी को फैसला सुनाते हुए साफ कर दिया कि पदोन्नति में आरक्षण का लाभ लेना मौलिक अधिकार नहीं है। वहीं, इसे राज्य सरकार का विषय बताते हुए कहा कि सरकार को फैसला लेना है कि वह पदोन्नति में आरक्षण देना चाहती है, या नहीं। ऐसे में कर्मचारी संगठनों की निगाह अब सरकार की ओर टिकी हुईं थीं। इस बीच संसद में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बयान देते हुए एससी-एसटी कर्मचारियों का पक्ष लिया। इस पर बिना आरक्षण पदोन्नति प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार कर रहे जनरल-ओबीसी वर्ग के कर्मचारियों में उबाल आ गया और उन्होंने कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *