Share

रुड़की। वैसे तो इस साल सर्दी का सीजन शुरू होने से लेकर बीते माह तक बाजारों में भीड़भाड़ कम ही देखने को मिल रही थी। हाड़ कंपा देने वाली ठंड के चलते लोग बाजारों का रुख करने से परहेज कर रहे थे। लेकिन, इन दिनों गर्म कपड़ों पर मिलने वाली छूट ग्राहकों को आकर्षित कर रही है। छूट का लाभ लेने के लिए लोग बड़ी संख्या में खरीददारी के लिए बाजार पहुंच रहे हैं।
बीते तीन महीने से रुड़की के बाजारों की रौनक गायब हो गई है। आलम यह है कि जनवरी तक गिनती के ही ग्राहक बाजारों का रुख कर रहे थे। इसकी एक वजह जहां व्यापारी अर्थव्यवस्था गड़बड़ाने को बता रहे हैं, वहीं दूसरा कारण सर्दी का सीजन है। ठंड ज्यादा होने के चलते लोग बाजारों में जाने से परहेज करते हैं। इसके चलते ही शहर के मेन बाजार, सिविल लाइंस, बीटी गंज समेत अन्य बाजारों में चहल-पहल गायब सी हो गई थी। उधर, अब सर्दी का सीजन आखिरी पड़ाव में पहुंचने लगा है। ऐसे में कई दुकानदारों की ओर से गर्म कपड़ों पर आकर्षक छूट दी जा रही है। वूलन कुर्ती एवं लेगिग, ट्राउजर, स्वेटर, कोट, जैकेट आदि पर 30-50 फीसद तक छूट दी जा रही है। इसके अलावा बीटी गंज में लुधियाना, मुंबई, दिल्ली के व्यापारियों ने सेल लगाई है। ऐसे में गर्म कपड़ों पर मिलने वाली छूट शहरवासियों को आकर्षित कर रही है। छूट का फायदा लेने के लिए लोग दुकानों का रुख कर रहे हैं और कम खर्चे में अधिक खरीददारी कर रहे हैं। सिविल लाइंस बाजार में खरीददारी करने आई प्रमिला और नेहा ने बताया कि वे काफी समय से छूट मिलने का इंतजार कर रही थी। कई दुकानों पर 50 फीसद तक छूट मिल रही है। वहीं बीटी गंज में खरीददारी करने वाले विकास कुमार और सोनिया ने बताया कि सेल में गर्म कपड़े सस्ते के साथ ही उनकी कई वेराइटी भी मिल रही है। इससे जेब थोड़ा कम हल्की हो रही है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *