मंगलौर। दहियाकी गांव में बिजली कनेक्शन काटने पहुंची ऊर्जा निगम की टीम पर युवकों ने हमला कर दिया। टीम के साथ मारपीट और अभद्रता भी की गई। किसी तरह टीम वहां से बचकर निकली। वहीं मामले के बाद भारतीय किसान यूनियन के नेताओं के साथ कुछ ग्रामीण कोतवाली पहुंचे और टीम पर महिला से अभद्रता के आरोप लगाए। दोनों पक्षों ने पुलिस को तहरीर दी है।
बुधवार को ऊर्जा निगम की ओर से मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के दहियाकी गांव में बिजली का बिल जमा करने के लिए कैंप लगाया गया था। दहियाकी गांव में एक टीम बकायेदारों के बिजली कनेक्शन काट रही थी। ऊर्जा निगम की टीम एक बकायेदार के घर पहुंची। टीम ने बिजली का कनेक्शन काटना चाहा तो मकान मालिक ने विरोध किया। इसे लेकर नोकझोंक हो गई। इसी बीच वहां 20 युवक पहुंच गए। आरोप है कि युवकों ने ऊर्जा निगम की टीम पर हमला बोल दिया, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई। ऊर्जा निगम की टीम किसी तरह से जान बचाकर वहां से भागी। मामले में ऊर्जा निगम की टीम की ओर से मंगलौर कोतवाली में तहरीर दी गई। इसके कुछ ही देर बाद दूसरे पक्ष के लोग भी कोतवाली पहुंच गए। ग्रामीणों के साथ भारतीय किसान यूनियन के गढ़वाल मंडल अध्यक्ष संजय चैधरी, सुक्रमपाल, नीटू, जोगेंद्र समेत अन्य पदाधिकारी भी थे। मामले में दूसरे पक्ष ने भी ऊर्जा निगम की टीम पर घर में घुसकर महिला से छेड़छाड़ और अभद्रता करने के आरोप लगाए हैं। इस मामले में ग्रामीण की तरफ से भी तहरीर दी गई है। इंस्पेक्टर प्रदीप चैहान ने बताया कि तहरीर मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।











