शेयर मार्केट को बजट में हाथ लगी निराशा, आई भारी गिरावट

180
Share

एजेंसी न्यूज
नई दिल्ली। बजट के दिन शनिवार को शेयर बाजार भारी गिरावट के साथ बंद हुआ है। बजट से बाजार की नाखुशी के चलते सेंसेक्स 938 और निफ्टी 300 अंक गिरकर बंद हुआ है। बजट में किसी भी सेक्टर के लिए कोई बड़ी घोषणा नहीं होने के चलते भी शेयर बाजार में निराशा रही है। आइए जानते हैं कि वे कौन-कौनसे कारण रहे, जिनकी वजह से बाजार में भारी गिरावट आई है। गौरतलब है कि यह मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का दूसरा बजट था।
बजट 2020 में किसी भी सेक्टर के लिए कोई बड़ा ऐलान नहीं हुआ है। उम्मीद थी कि सबसे ज्यादा सुस्ती की मार झेल रहे रियल एस्टेट या ऑटो सेक्टर के लिए बजट में कोई बड़ा ऐलान होगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अगर इन सेक्टर्स के लिए बड़ी घोषणाएं होतीं, तो उपभोक्ता मांग में भी इजाफे की संभावना नजर आती, लेकिन ऐसा नहीं हुआ है। इस कारण बाजार को बजट से निराशा हाथ लगी है।
बजट 2020 से यह अपेक्षा की जा रही थी कि सरकार इसमें निवेशकों के हित को ध्यान में रखते हुए एलटीसीजी यानी लॉन्ग टर्म कैपिटल गेन्स को समाप्त करने की घोषणा करेगी। बजट में यह घोषणा नहीं होने से भी बाजार को निराशा हाथ लगी है।
आम बजट में आयकर की धारा 80 सी के तहत टैक्स में मिलने वालीं लगभग सभी छूट खत्म कर दी गई हैं। सरकार के इस फैसले से करदाताओं को निराशा हाथ लगी है। वहीं, बजट में पांच लाख तक की आय को टैक्स फ्री भी किया गया है। इन दोनों बातों से करदाताओं के बीच टैक्स स्लैब को लेकर कंफ्यूजन पैदा हो सकता है।

LEAVE A REPLY