मुर्गी को डंडा मारने पर दो पक्षों में चले लाठी-डंडे

448
Share

रुड़की। हरिद्वार जिले के रुड़की में घर में घुसी मुर्गी को डंडा मारकर बाहर भगाने के मामले में दो पक्षों में मारपीट हो गई। दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें एक महिला को आंख पर गंभीर चोट लगी है। पीड़िता ने आरोपितों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। वहीं, दूसरा पक्ष भी मामले में तहरीर देने की तैयारी कर रहा है।
दरअसल, रुड़की के गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के तेलीवाला गांव निवासी महिला इकरा ने मुर्गी पाली हुई है। वह दिन के समय मुर्गी को बाहर छोड़ देती है। शुक्रवार को मुर्गी दाना चुगते हुए पड़ोसी के घर में घुस गई। आरोप है कि पड़ोसी ने मुर्गी को डंडा मारकर बाहर भगा दिया।
मुर्गी को डंडा मारने की बात जब इकरा को पता चली तो उसने इस बात का विरोध किया। इस पर दोनों पक्षों में पहले तो जमकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। परिवार के अन्य लोग भी मारपीट में शामिल हो गए और जमकर लाठी-डंडे चले। आसपास के लोगों ने दोनों पक्षों में बीच-बचाव कराया। मारपीट में इकरा को आंख पर गंभीर चोट लगी है। फिलहला, महिला ने कोतवाली पहुंचकर मामले की शिकायत की है। पुलिस ने महिला को उपचार के लिए सिविल अस्पताल भेजा और मामले की तहकीकात में जुट गई है।

LEAVE A REPLY