बकायेदारों के खिलाफ अब जल संस्थान होगा सख्त

282
Share

रुड़की। जल संस्थान अब पेयजल के बकायेदारों के खिलाफ सख्त रवैया अपनाएगा। बकाया चुकाने में बार-बार आनाकानी करने वाले बकायेदारों का कनेक्शन काटा जाएगा। उधर, विभाग की ओर से कनेक्शन काटने के बाद इन लोगों को पेयजल के संकट से जूझना पड़ेगा।
शहर में जल संस्थान की ओर से गत वर्ष अक्टूबर से पेयजल के बकायेदारों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। बकाया वसूली अभियान में विभाग ने 30 से अधिक कर्मचारियों को लगाया हुआ है। ये कर्मचारी बकायेदारों के घर-घर पहुंच रहे हैं और बकाया वसूली कर रहे हैं। साथ ही बकाया नहीं चुकाने वाले बकायेदारों को नोटिस भी थमाया जा रहा है। अब तक विभाग पेयजल के आठ सौ बकायेदारों को नोटिस दे चुका है। इनमें दो हजार रुपये से लेकर लाखों रुपये का बकाया रखने वाले बकायेदार शामिल हैं। उधर, जिन आठ सौ बकायेदारों को नोटिस दिया गया है उनमें से अभी भी कई बकायेदारों ने बकाया जमा नहीं करवाया है। वहीं कई अन्य बकायेदार भी बार-बार बकाया चुकाने की बात कहकर वादे से मुकर रहे हैं। इसी वजह से विभाग का बकाया वसूली अभियान धीमी गति से चल रहा है। इस माह अब तक लगभग 45 लाख रुपये तक ही बकाया वसूली हो सकी है। उधर, 31 मार्च 2020 तक विभाग को पेयजल के बकायेदारों से कुल सात करोड़ रुपये बकाया वसूलना है। ऐसे में विभाग ने बकाया चुकाने में बार-बार आनाकानी करने वाले बकायेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की योजना बनाई है। जिसके तहत जल्द ही विभाग ऐसे बकायेदारों के कनेक्शन काटेगा। इस वजह से उन्हें पानी की किल्लत से जूझना पड़ेगा। जल संस्थान के सहायक अभियंता राजेश कुमार निर्वाल के अनुसार कई बार बकाया चुकाने की बात कहने के बाद भी बकाया जमा नहीं करने वाले बकायेदारों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई की जाएगी। बताया कि जल्द ही ऐसे बकायेदारों के कनेक्शन काटने की कार्रवाई शुरू की जाएगी। साथ ही, आरसी के माध्यम से भी बकाया वसूला जाएगा।

LEAVE A REPLY