रुड़की। चोरों ने सिविल लाइंस स्थित साईं मंदिर के दानपात्र का ताला तोड़कर चोरों ने करीब पचास हजार की रकम पर हाथ साफ कर दिया, जबकि आहट होने पर इतनी ही रकम दानपात्र में छोड़कर फरार हो गए। दानपात्र पर लगा सीसीटीवी कैमरा खराब होने से आरोपित चिह्नित नहीं हो सके। फिलहाल, पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।
सिविल लाइंस में पोस्ट आफिस रोड पर साईं मंदिर है। रविवार रात को कोहरे का फायदा उठाकर चोर साईं मंदिर में दाखिल हो गए। चोरों ने साईं मंदिर में रखे दानपात्र का ताला तोड़ दिया। चोरों ने दानपात्र में रखी करीब 50 हजार की रकम समेट ली। इसी दौरान रास्ते से जा रहे लोगों की आहट होने पर आरोपित करीब 50 हजार रुपये की रकम वहीं छोड़कर फरार हो गए।
मंदिर परिसर में ही पुजारी का आवास भी है। पुजारी को भी इसकी भनक नहीं लगी। सोमवार की सुबह मंदिर के पुजारी शशिभूषण उनियाल जब मंदिर में पहुंचे तो दानपात्र का ताला टूटा देख पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की। पुजारी ने पुलिस को तहरीर देकर करीब 50 हजार की रकम चोरी होने की बात कही। पुलिस ने जांच की तो पता चला कि दानपात्र पर लगा सीसीटीवी कैमरा खराब है। पुलिस आसपास लगे कैमरे खंगाल रही है। इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस को चोरी की घटना में सुराग हाथ लगे है।











