झबेरड़ा। इकबालपुर चीनी मिल में संयुक्त खाता संचालन को लेकर सहायक गन्ना आयुक्त के नेतृत्व में विभाग की टीम चीनी मिल पहुंची। टीम ने शीरे और चीनी का रिकार्ड लिया। इसके अलावा खाता खुलवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं चीनी मिल में आठ कर्मियों की तैनाती भी की गई है।
इकबालपुर चीनी मिल की स्थिति किसी से छिपी नहीं है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी दीपेंद्र कुमार चैधरी ने सहायक गन्ना आयुक्त एवं मिल के वित्त नियंत्रक के हस्ताक्षर से संयुक्त खाता संचालन के निर्देश दिए हैं। सोमवार को सहायक गन्ना आयुक्त शैलेंद्र सिंह विभागीय अधिकारियों को साथ लेकर इकबालपुर चीनी मिल पहुंचे। यहां उन्होंने चीनी मिल से चीनी और शीरे का रिकार्ड लिया। सहायक गन्ना आयुक्त ने बताया कि चीनी मिल की ओर से पंकज गोयल का नाम दिया गया है। खाता खुलवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि चीनी मिल में आठ कर्मियों की तैनाती कर दी गई है। इसमें से कुछ की गोदाम पर ड्यूटी लगाई गई है। बताया कि संयुक्त खाता खुलने के साथ ही उसमें ही समस्त भुगतान जाएगा।
लिब्बरहेड़ी चीनी मिल मंगलवार तक देगी भुगतानरू लिब्बरहेड़ी चीनी मिल इकबालपुर गन्ना समिति में पांच करोड़ रुपये का भुगतान मंगलवार तक देगी। चीनी मिल के महाप्रबंधक गन्ना अनिल कुमार सिंह ने बताया कि दो समितियों में तो 25 नवंबर तक का भुगतान पहुंच गया है। इकबालपुर समिति का भुगतान मंगलवार तक पहुंचने की उम्मीद है।











