भगवानपुर। भगवानपुर में सर्विस लेन के पास गड्ढे में कार फंसने से करीब एक घंटे तक जाम लगा। जाम से सड़क के दोनों तरफ करीब तीन किमी लंबी वाहनों की कतार लगी रही। पुलिस ने कार को गड्ढे से हटवाया, इसके बाद ही जाम खुल सका।
भगवानपुर में फोरलेन के निर्माण का काम चल रहा है। इसके चलते दोनों ओर अस्थायी सर्विस लेन बनी है। कस्बे में खानपुर चैक से लेकर मक्खनपुर तक अस्थायी सर्विस लेन पर आएदिन जाम लग रहा है। दो दिन से हो रही बारिश के चलते अस्थायी सर्विस लेन पर कीचड़ हो रहा है। इसके चलते शुक्रवार को तहसील गेट के सामने हाईवे की अस्थायी सर्विस लेन के किनारे बने गड्ढे में कार फंस गई। कार मक्खनपुर की ओर से आ रही थी। कार चालक ने काफी प्रयास किया, लेकिन कार गड्ढे से नहीं निकल सकी। इसके चलते दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई। जाम लगने पर थाना पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। कुछ ही देर में करीब तीन किमी लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन को मौके पर बुलाकर गड्ढे में फंसी कार को निकाला। इसके बाद जाम में फंसे वाहनों को निकालना शुरू किया गया। काफी देर बाद यातायात व्यवस्था सुचारू हो सकी। हाईवे की सर्विस लेन पर जाम का असर मेन बाजार में भी दिखा। यहां पर भी वाहन जाम में फंसे रहे।