Share

एजेंसी न्यूज
नई दिल्ली। रेलवे ने पश्चिम बंगाल, असम और बिहार में सीएए विरोधी प्रदर्शनों में रेल संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और आगजनी की घटनाओं में शामिल 21 कथित उपद्रवियों की पहचान की है। इनको गिरफ्तार भी कर लिया गया है। आरपीएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि करीब 87.99 करोड़ रुपये की संपत्ति के नुकसान की भरपाई तोड़फोड़ की घटनाओं में शामिल लोगों से की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि संसद द्वारा नागरिकता कानून सीएए पारित किए जाने के बाद बीते दिनों देश के विभिन्न हिस्सों में हिंसक प्रदर्शन हुए थे। इन प्रदर्शनों के दौरान भीड़ में शामिल लोगों और पुलिस के बीच हिंसक झड़पें भी हुई थी। बीते दिनों रेलवे ने कलकत्ता हाई कोर्ट में दाखिल अपनी रिपोर्ट में बताया था कि अकेले बंगाल में ही 13 से 15 दिसंबर के बीच हुए इन प्रदर्शनों में 84 करोड़ रुपये की रेल संपत्ति का नुकसान हुआ है।
आरपीएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि करीब 87.99 करोड़ रुपये की संपत्ति के नुकसान की वसूली उपद्रवों में शामिल लोगों से की जाएगी। रिपोर्टों में कहा गया है कि नाराज प्रदर्शनकारियों ने पटरियों पर बोल्डर डाले और ट्रेन के डिब्बों को आग के हवाले किया था। अब तक जीआरपी ने 27 जबकि रेलवे सुरक्षा बल ने 54 मामले दर्ज किए हैं। यही नहीं रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, आगजनी एवं हिंसा के सिलसिले में 21 को गिरफ्तार किया गया है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *