Share

एजेंसी न्यूज
गांधीनगर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुजरात के गांधीनगर में विश्वास और साइबर अश्वस्त परियोजना के उद्घाटन के अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा अधिक से अधिक तकनीक के इस्तेमाल के जरिए अपराधों को रोका जा सकता है। साथ ही गृह मंत्री ने कहा कि विपक्ष सीएए पर झूठ फैला रहा है और इस कानून का मकसद लोगों को नागरिकता देना है न कि नागरिकता छीनना है।
गृह मंत्री ने आरोप लगाया कि संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) पर विपक्ष की ओर से फैलाए गए झूठ ने देश में अराजकता फैला दी है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि इस नए कानून का लक्ष्य लोगों को नागरिकता देना है, उनसे नागरिकता छीनना नहीं।
शाह ने भाजपा कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे लोगों के घर-घर जाकर उन्हें नए कानून के प्रावधानों के बारे में समझाएं। गुजरात पुलिस की विभिन्न परियाजनाओं के उद्घाटन के लिए आयोजित समारोह में शाह ने आरोप लगाया कि विपक्ष के पास और कोई मुद्दा नहीं है, इसलिए वे सीएए के बारे में झूठ और भ्रम फैला रहे हैं। इसके कारण पूरे देश में अराजकता फैल गई है।
गृह मंत्री ने कहा कि इस कानून का लक्ष्य तीन पड़ोसी मुल्कों पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश में परेशान किए जा रहे अल्पसंख्यकों को नागरिकता देना है। उन्होंने कहा कि हमारे पास लोगों को सच समझाने की ताकत है। मैं भाजपा कार्यकर्ताओं से अनुरोध करता हूं कि वे घर-घर जाकर लोगों को कानून से होने वाले लाभ के बारे में बताएं। हमारा अभियान पूरा होने के बाद देश के लोग सीएए के महत्व को समझेंगे।
बता दें कि इस कार्यक्रम के बाद अमित शाह आज गुजरात तकनीकी विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे इसके अलावा वह कई अन्य कार्यक्रमों में भी शिरकत करेंगे। इन कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए श्री शाह शुक्रवार रात को गुजरात पहुंच गए थे।
गौरतलब है कि अपने तय कार्यक्रम के अनुसार अमित शाह सबसे पहले गांधीनगर में गुजरात पुलिस की एक साइबर परियोजना का उद्धाटन करेंगे, उसके बाद रेलवे की कुछ परियोजनाओं का उद्धाटन कर वे जीटीयू के दीक्षांत समारोह में शिरकत करेंगे। इन कार्यक्रमों के बाद वह शाम को अपने संसदीय क्षेत्र गांधीनगर के तहत आने वाले अहमदाबाद के घाटलाडिया क्षेत्र में अपने समर्थकों से मिलेंगे। रविवार सुबह उनका वापिस दिल्ली लौट जाने का कार्यक्रम है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *