Share

ऋषिकेश। श्यामपुर के गुमानीवाला क्षेत्र में चोरों ने गृह स्वामी की अनुपस्थिति में तीन घरों में सेंध लगा दी। इनमें एजीएम परिवहन निगम के घर से चोर नगदी और जेवर ले गए। मामले में पुलिस पूरी सक्रियता से जांच कर रही है।
गुमानीवाला अमित ग्राम के गली नंबर 10 में चोरों ने राजेश खंडूरी व उनके निकट दिल्ली में तैनात एजीएम उत्तराखंड परिवहन नेतराम गौतम के घर का ताला तोड़ा। इसी गली में किराये पर रह रहीं कविता नेगी के घर में चोर घुसे। सुबह तीनों घरों के ताले टूटे हुए थे, जबकि गृह स्वामी घर पर नहीं थे।
इसकी सूचना जब स्थानीय पार्षद वीरेंद्र रमोला को मिली तो उन्होंने मौके पर पहुंचकर गृह स्वामियों के साथ पुलिस को सूचित किया। सूचना पर पहुंचे श्यामपुर चैकी प्रभारी आशीष गुसाईं ने पूरी घटना का मुआयना किया। पुलिस चोरी की इस घटना में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए सुराग लगा रही है।
जिन घरों को चोरों ने निशाना बनाया उन घरों में रहने वाले सभी लोग बाहर गए हुए हैं। पुलिस के मुताबिक घर खाली छोड़ कर जाने वाले किसी भी व्यक्ति ने इस बात की सूचना पास, पड़ोस या चैकी को नहीं दी थी। एजीएम परिवहन निगम नेतराम अपने परिवार के साथ मुरादाबाद गए थे, जब वह शाम को लौटे तो उन्होंने अपने घर में चोरी गए सामान की छानबीन की। चोरों ने अलमारी, डबल बेड, टेबल की दराज कोई भी जगह नहीं छोड़ी थी, जिसे खंगाला न हो। एजीएम रोडवेज ने पुलिस को बताया कि उनके घर से चोर जेवर और नगदी ले गए हैं।
विकासनगर कोतवाली के कुंजा गांव में दुकान के ताले तोड़कर दस हजार रुपये की नकदी चोरी मामले में कुल्हाल पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज किया। अलादीन निवासी कुंजा ने चैकी कुल्हाल में दी तहरीर में कहा कि शनिवार की रात में अज्ञात चोरों ने उनकी दुकान का ताला तोड़कर दुकान के अंदर से 10 हजार रुपये चोरी कर लिए।
इसके बाद पुलिस ने गांव के ही शकील को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी किए गए 10 हजार में से चार हजार 520 रुपये बरामद किए गए। कोतवाल प्रदीप बिष्ट ने बताया कि आरोपित ने पूछताछ में बताया कि उधार चुकता करने को दुकान में चोरी की। आरोपित के खिलाफ वर्ष 2017 से अब तक चोरी, आर्म्स एक्ट व एनडीपीएस एक्ट के तीन मुकदमे दर्ज हैं। पूर्व में भी कई बार घटनाओं में जेल जा चुका है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *