Share

हुकूमत एक्सप्रेस
मुरादाबाद। बुधवार सुबह कोतवाली क्षेत्र स्थित कंजरी सराय में एसी-फ्रिज के गोदाम में शार्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। गोदाम में रखे सिलेंडर फटने से मकान की दीवार चटक गईं। मकान की ऊपरी मंजिल पर रह रहे लोगों को दमकल कर्मियों ने जान पर खेलकर सुरक्षित बाहर निकाला। करीब चार घंटे की कवायद के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इससे पूर्व तीनों भाइयों के मकान में रखा सामान जलकर राख हो गया। वहीं एसी-फ्रिज गोदाम का मालिक मौके से फरार हो गया। घटना से इलाके में अफरातफरी मची रही।
कोतवाली क्षेत्र के कंजरी सराय में संजीव बंसल, मोहित बंसल और राजीव बंसल सगे भाई हैं। बुध बाजार में कपड़े की दुकान है। मकान भी पास-पास हैं। संजीव बंसल ने मकान के नीचे का हिस्सा मयंक गोयल को किराए पर दे रखा है। मयंक ने उसमें एसी-फ्रिज का गोदाम बना रखा है।गोदाम बंद करके मयंक घर चला गया। बकौल संजीव सुबह करीब साढ़े नौ बजे घर पर परिवार के सदस्य लेटे हुए थे। इसी बीच पड़ोसियों ने फोन कर गोदाम में आग लगने की सूचना दी। देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरे मकान को घेर लिया। दमकल कर्मियों ने मकान में फंसे परिवार के लोगों को बाहर निकाला। सिलेंडर फटने से मकान की दीवारें चटक गईं। लेंटर में भी दरारें आ गईं। करीब चार घंटे की कवायद के बाद दमकल की छह गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। संजीव बंसल ने बताया कि तीनों घरों का सामान जलकर राख हो गया है। वहीं दूसरी ओर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *