खटीमा। ऊधमसिंह नगर जिले के खटीमा से लापता हुई नन्ही परी की उसकी मां ने ही मुंह दबाकर हत्या कर दी थी। घटना को अंजाम देने से पहले पति-पत्नी के बीच मोबाइल पर आए मैसेज को लेकर झगड़ा हुआ था। बच्ची की हत्या के बाद दोनों ने मिलकर उसे शारदा नहर में फेंक दिया। इसके बाद बच्ची के गायब होने की बात गांव में फैला दी थी। पुलिस ने दोनों को हत्या कर साक्ष्य छिपाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।
बता दें कि तीन दिन पूर्व पचैरिया गांव के गोविंद प्रसाद उर्फ विजय ने पुलिस को बताया था कि उसकी 27 दिनों की बच्ची लापता हो गई है। इस पर पुलिस ने उसकी तहरीर गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कर लिया था। बुधवार को घटना का खुलासा करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पींचा ने बताया कि बच्ची की तलाश के लिए कोतवाल संजय पाठक के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई थी। इस दौरान बच्ची के माता-पिता को भी कोतवाली बुलाकर उनसे अलग-अलग सख्ती से पूछताछ की गई तो वह टूट गए। उन्होंने स्वीकार किया कि बच्ची की मौत उनके आपस में हुए झगड़े के दौरान हो गई थी।











