मौसम के हिसाब से अस्पतालो में घटी मरीजों की संख्या

225
Share

देहरादून। सर्दियों को स्वास्थ्य के लिहाज से अनुकूल मौसम माना जाता है। इस सीजन में पाचन शक्ति काफी मजबूत रहती है, भूख बढ़ती है, संक्रमण फैलाने वाले वायरस निष्क्रिय हो जाते हैं और व्यक्ति तुलनात्मक रुप से अधिक स्वस्थ रहता है। यही कारण है कि दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय में भी मरीजों की आमद घट गई है। यही नहीं पिछले कुछ दिनों में मरीजों का ग्राफ लगातार गिरता जा रहा है।
दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय में न केवल शहर बल्कि पहाड़ व यूपी-हिमाचल के सीमावर्ती क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में मरीज आते हैं। यही कारण है कि अस्पताल की ओपीडी में हर दिन मरीजों की भारी भीड़ दिखती है। न केवल ओपीडी बल्कि रजिस्ट्रेशन, बिलिंग व दवा काउंटर पर भी मरीजों की कतार लगी दिखती है। अस्पताल से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार औसतन 1800-2000 के बीच नए मरीज यहां रोजाना इलाज के लिए पहुंचते हैं।
इसके अलावा कुछ फालोअप केस भी होते हैं। पर पिछले कुछ दिनों में अस्पताल में मरीजों की संख्या में गिरावट दिखी है। यह स्थिति भी एकाध नहीं, बल्कि अब हर दिन बन रही है। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. केके टम्टा का कहना है कि सर्दियों को हेल्दी सीजन माना गया है। यही कारण है कि मरीज भी कम हुए हैं। सर्दी-जुकाम, बुखार आदि के मरीज आ रहे हैं, पर उनकी संख्या भी बहुत ज्यादा नहीं है। उनका कहना है कि पहनावे, खानपान आदि में सावधानी बरतने से व्यक्ति रोग से दूर रह सकता है।

LEAVE A REPLY