Share

एजेंसीं न्यूज
बरही। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को यहां कहा कि भाजपा देश के आदिवासियों की जिंदगी और पिछड़ों की जिंदगी बेहतर बनाने, उनकी मुश्किलें कम करने और उनका मान सम्मान बढ़ाने के लिए दिन रात ईमानदारी से काम कर रही है लेकिन कांग्रेस, राजद और झारखंड मुक्ति मोर्चा का इतिहास ही आप से विश्वासघात और भ्रष्टाचार का रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज यहां झारखंड विधानसभा चुनावों के तीसरे चरण के लिए आयोजित चुनावी सभा में यह बात कही। प्रधानमंत्री मोदी ने कर्नाटक में कांग्रेस और जद(एस) की सरकार पर भ्रष्टाचार और स्वार्थ की राजनीति करने के आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘भाजपा देश के आदिवासियों की जिंदगी और पिछड़ों की जिंदगी बेहतर बनाने, उनकी मुश्किलें कम करने, उनका मान सम्मान बढ़ाने के लिए दिन रात ईमानदारी से काम कर रही है लेकिन कांग्रेस हो, राजद हो या फिर झारखंड मुक्ति मोर्चा हो उनका इतिहास है आप से विश्वासघात व भ्रष्टाचार करना।’’
उन्होंने जनता को आगाह करते हुए कहा कि वह झारखंड में भी स्थिर और स्थाई सरकार के लिए इस विपक्षी गठबंधन के चक्कर में ना पड़ें क्योंकि यदि किसी कारण से यहां त्रिशंकू विधानसभा बनती है तो फिर ये पार्टियां अस्थिरता, अनिश्चितता और खरीद बिक्री का दौर प्रारंभ कर देंगी। इससे झारखंड का विकास बाधित होगा। मोदी ने कहा, ‘‘आज दुनिया में हिंदुस्तान की जय जयकार हो रही है। यह मोदी की वजह से नहीं बल्कि आपके द्वारा केंद्र में बनाई गई स्थिर, मजबूत और पूर्ण बहुमत की सरकार की वजह से हो रही है।’’ उन्होंने पूछा, ‘‘क्या झारखंड की ऐसी ही जयजयकार नहीं होनी चाहिए? अगर झारखंड का जय जय करना है, तो रांची में पूर्ण बहुमत वाली मजबूत भाजपा सरकार का बनाना बहुत जरूरी है।’’ उन्होंने दोहराया, ‘‘ये कांग्रेस ही है, जिसने भगवान राम की जन्मभूमि के विवाद को अपने वोट बैंक के लिए दशकों तक लटकाए रखा। विवाद चलने दिया। ताकि उनके वोट बैंक की खिचड़ी पकती रहे। यह फैसला तब आया जब आप सभी ने दिल्ली में भाजपा की मजबूत सरकार बनाई।’’
प्रधानमंत्री ने कहा कि आजादी के समय से ही अलग झारखंड की मांग चल रही थी। लेकिन कांग्रेस ने राजनीतिक स्वार्थ के कारण इस मामले को भी लटकाए रखा। यह मामला भी तब हल हुआ जब दिल्ली में अटल बिहारी वाजपेयी नीत भाजपा की सरकार बनी। उन्होंने कहा, ‘‘दशकों तक देश में यह मांग उठती रही कि झारखंड समेत देश के पिछड़ा वर्ग रूओबीसीः के करोड़ों परिवारों के हितों की सुरक्षा के लिए पिछड़ा आयोग को संवैधानिक दर्जा दिया जाए। लेकिन कांग्रेस और उसके साथियों ने पिछड़ों के हितों को बचाने वाला यह काम नहीं किया और ना होने दिया। यह काम भी तब हुआ जब दिल्ली में आपने मोदी की सरकार बनाई।’’ उन्होंने कहा कि लंबे समय से सामान्य वर्ग सवर्ण समाज के गरीब परिवार के युवा आरक्षण की मांग कर रहे थे। ये युवा सवर्ण समाज में पैदा हुए थे। लेकिन ये बेचारे गरीबी के कारण डूबते चले जा रहे थे। इन गरीब परिवारों की बातों पर ध्यान नहीं दिया गया और जब मोदी सरकार आई सामान्य जनता की गरीबों को 10 प्रतिशत आरक्षण का लाभ भी मिला। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश राजनीतिक स्थिरता को लेकर क्या सोच रहा है और इसके लिए भाजपा पर उसका कितना विश्वास है उसका उदाहरण आज ही देश के सामने आया है। उन्होंने कहा, ‘‘लोग कहते हैं कि दक्षिण भारत में भाजपा कमजोर है। आज ही कर्नाटक में उपचुनाव के परिणाम आ रहे हैं और इस उपचुनाव में कर्नाटक में वहां की जनता का दोहन करने वालों को जनता ने करारा जवाब दिया है।’’

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *