एजेंसी न्यूज
गोरखपुर। गोरखपुर शहर के अलहदादपुर तिराहे पर बाइक सवार युवकों ने रिक्शा चालक को धमकी देकर 50 किलो प्याज लूट लिए। वारदात के बाद प्याज की बोरी लेकर आरोपित पांडेयहाता की तरफ फरार हो गए। राजघाट पुलिस युवकों की तलाश कर रही है।
रहमतनगर निवासी फिरोज अहमद राईन आलू-प्याज के थोक व्यापारी हैं। महेवा मंडी में उनकी दुकान है। कुशीनगर, तमकुही के जगदीशपुर का रहने वाला यमुना उनकी दुकान पर काम करता है। दोपहर एक बजे यमुना दुकान से रिक्शा पर सात बोरी प्याज लेकर गोलघर के एक होटल में आ रहे थे।
अलहदादपुर तिराहे के पास बाइक सवार दो युवकों ने रिक्शा रोक लिया। यमुना को जान से मारने की धमकी देकर एक बोरी प्याज (50 किलो) लेकर पांडेयहाता की तरफ फरार हो गए। यमुना के शोर मचाने पर जुटे आसपास के लोगों ने सूचना पुलिस कंट्रोल रूम में दी। फिरोज अहमद की तहरीर पर राजघाट पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज किया है। एसपी सिटी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे की मदद से युवकों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
लहसुन व प्याज के दाम में बेतहाशा वृद्धि से यह आम आदमी की थाली से गायब हो गई है। बारिश से फसल खराब होने के बाद बारी-बारी से पहले टमाटर, उसके बाद लहसुन व प्याज के दाम में बेतहाशा वृद्धि हो गई। सब्जी, दाल का जायका बढ़ाने वाले लहसुन, प्याज की कीमतों में अचानक पांच गुना बढने से लोगों का बजट ही बिगाड़ कर रख दिया है। महंगाई की सबसे अधिक मार गरीब वर्ग पर दिख रही है। आलम यह है कि सब्जी की दैनिक खरीदारी वाली लिस्ट से प्याज के साथ लहसून का नाम भी गायब हो चुका है। आम आदमी के साथ मध्यम वर्ग के लोग भी महंगाई की मार से परेशान हैं।











