Share

हुकूमत एक्सप्रेस
मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव राजेन्द्र कुमार तिवारी ने लखनऊ से वीडियों कान्फ्रेन्सिंग के माध्यम से मण्डलायुक्तों एवं जिलाधिकारियों सहित कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को कड़े निर्देश दिये हैं कि पराली जलाने की घटनाओं को पूर्णतः न रोके जाने पर सम्बन्धित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी। उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय द्वारा दिये गये निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन कड़ाई के साथ सुनिश्चित कराना सम्बन्धित अधिकारियों की जिम्मेदारी है। किसी भी हालत में पराली जलाने की घटना स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने यह भी निर्देश दिये कि पराली का उपयोग गोवंश आश्रय स्थलों में चारे के रूप में कराने के प्रयास सुनिश्चित कराये जायें। पराली जलाने वालों के विरुद्ध एफ0आई0आर0 न होने पर सम्बन्धित क्षेत्र के पुलिस अधिकारियों सहित राजस्व अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करायी जायेगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिये कि पराली जलाने से सम्बन्धित दर्ज एफ0आई0आर0 पर चार्जशीट शीघ्र लगाकर अग्रिम कार्यवाही सुनिश्चित करायी जाये। उन्होंने कहा कि पराली को गड्ढो में डालकर डी-कम्पोस्ट की कार्यवाही भी किसानों के माध्यम से करायी जाये।
मुख्य सचिव ने यह भी निर्देश दिये कि आगामी शीत लहर को दृष्टिगत रखते हुये गोवंश आश्रय स्थलों में ठहरने वाले पशुओं के ठण्ड से बचाव हेतु आवश्यक व्यवस्थायें समय से सुनिश्चित करा ली जायें, ताकि ठण्ड के कारण किसी भी गोवंश की आकस्मिक मृत्यु कतई न होने पाये। उन्होंने नदियों को प्रदूषण से बचाने हेतु नालों से गन्दा पानी कतई न गिरने के लिये व्यापक कार्ययोजना बनाये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि नगर विकास विभाग की देखरेख में व्यापक कार्ययोजना बनाकर नदियों में गन्दे नाली के पानी को रोकने हेतु आवश्यक कार्यवाही प्राथमिकता से सुनिश्चित करायी जायें। उन्होंने कहा कि गन्दे पानी को शोधित करने हेतु सीवरेज ट्रीटमेंट प्लाण्ट (एस0टी0पी0) लगाने हेतु आवश्यक जमीन सहित अन्य व्यवस्थायें यथाशीघ्र सुनिश्चित करायी जायें।
मुख्य सचिव ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी एवं ग्रामीण), आयुषमान भारत योजना, टीकाकरण अभियान, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से और अधिक पात्र लोगों को लाभान्वित कराने हेतु और अधिक सार्थक प्रयास सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये।
वीडियों कान्फ्रेन्सिंग में कमिश्नर यशवन्त राव, जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी मृदुल चैधरी, एसपी अमित आनन्द, चीफ इंजीनियर एमडीए एस0के0 द्विवेदी, जे0डी0सी0 के0के0 वैश्य आदि अधिकारी उपस्थित थे।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *