उत्तरकाशी। गुरुवार की देर रात भटवाड़ी-गोरशाली मोटर मार्ग पर बरातियों से भरी एक बोलेरो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इसमें तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए। घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
गुरुवार को गोरशाली से एक बरात लंबगांव गई थी। देर रात को बरात वापस लौटी। बरातियों को लेकर लौट रही एक बोलेरो भटवाड़ी-गोरशाली के बीच पाही गांव के पास 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। घटना की सूचना पर कोतवाली मनेरी व एसडीआरएफ उत्तरकाशी की टीम मौके पर पहुंची। वाहन चालक महेंद्रपाल (35) पुत्र राजेंद्र सिंह निवासी लाटा की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अतर सिंह (50) पुत्र इंद्र सिंह निवासी गोरशाली और अनूप रावत (35) पुत्र यशपाल सिंह निवासी लाटा की अस्पताल पहुंचाते समय मौत हुई। वहीं, घायलों में बचेंद्र सिंह पुत्र जब्बर सिंह, महेंद्र सिंह पुत्र बिजन सिंह, नरेंद्र सिंह पुत्र जगत सिंह निवासी लाटा, यशवंत सिंह पुत्र गजेंद्र सिंह, राजेंद्र सिंह पुत्र रघुवीर सिंह, राजपाल सिंह पुत्र मदन सिंह निवासी गोरशाली शामिल हैं।
वहीं रेस्क्यू करते समय आशीष पुत्र शूरवीर सिंह निवासी लाटा भी घायल हुआ। सभी घायलों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। विधायक गोपाल रावत, भटवाड़ी ब्लॉक प्रमुख विनिता रावत, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चैहान, भाजपा नेता जगमोहन रावत, पूर्व विधायक विजय पाल सजवाण ने अस्पताल पहुंच घायलों का हालचाल जाना।