पिथौरागढ़ उपचुनाव की रैली में पहुंचे सीएम, हाथों में झंडा लेकर पहुंची जनता

183
Share

पिथौरागढ़। उपचुनाव में प्रचार के अंतिम दिन भाजपा का शक्ति प्रदर्शन हुआ। शांति के साथ हुए इस शक्ति प्रदर्शन में नारे गूंज रहे थे न कोई शोरगुल ही था। हाथों पर भाजपा के झंडे थे गले में भगवा पट्टा था। मुख्य वक्ता मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत और प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने स्व. प्रकाश पंत के बारे में संस्मरण सुनाया। शनिवार को रामलीला मैदान में भाजपा की चुनावी सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत ने कहा कि यह चुनाव हमारे लिए जश्न नहीं बल्कि दुख का चुनाव है। हमारे बीच सबसे जनप्रिय नेता के नहीं रहने पर हो रहा चुनाव उनको श्रद्धांजलि देने का चुनाव है। आज भले ही प्रकाश पंत हमारे बीच नहीं रहे हों परंतु आज भी चुनाव वही लड़ रहे हैं। उनके प्रतिनिधि के तौर पर उनकी धर्मपत्नी चुनाव लड़ रही हैं। कहा कि चंद्रा पंत चुनाव लडना ही नहीं चाहती थीं परंतु पिथौरागढ़ की जनता और कार्यकर्ता उन्हें चुनाव लड़ाना चाहती थीं, जिसे देखते हुघ्ए उन्हें चुनाव लडने के लिए राजी किया गया।
रावत ने प्रकाश पंत के साथ अपने संस्मरण सुनाते हुए जनता को भावनात्मक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रकाश पंत भाजपा के वह नेता थे जिनके निर्णय पूरी प्रदेश सरकार के निर्णय बन जाते थे। इस अवसर उन्होंने प्रकाश पंत द्वारा पिथौरागढ़ के लिए किए कार्यों का हवाला देते हुए कहा कि उनके चलाए गए कार्य चीड़ के पिरूल से पैदा होने वाली बिजली के कार्य भी शुरू हो चुके हैं।
प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कभी हिंदी में तो कभी कुमाऊंनी बोली में भाषण देते हुए भीड़ की सहानुभूति चंद्रा पंत के पक्ष में करने का भरसक प्रयास किया। उन्होंने कांग्रेसी नेता मयूख महर की मंच से तारीफ की। उन्होंने कहा कि पंत परिवार के सदस्यों से मैदान में उतरने पर चुनाव नहीं लडने की बातों पर कायम रहे। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा एक परिवार है। चंद्रा पंत प्रत्याशी हैं पूरा परिवार जुटा है। पिथौरागढ़ के अलावा अन्य जनपदों के विधायक, सांसद, नेता जुटे हैं। सभी चंद्रा पंत को अधिक से अधिक मत दिला कर स्व. प्रकाश पंत को श्रद्धांजलि देना चाहते हैं। इससे पूर्व सभा को विधायक विशन सिंह चुफाल , सांसद अजय टम्टा, राज्यमंत्री रेखा आर्या , प्रदेश उपाध्यक्ष केदार जोशी, विधायक चंदन राम दास, प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी, जिपं अध्यक्ष दीपिका बोहरा, जिलाध्यक्ष विरेंद्र वल्दिया आदि ने संबोधित किया। सभा का संचालन पालिकाध्यक्ष राजेंद्र सिंह रावत ने किया।

LEAVE A REPLY