लक्सर। अग्निशमन विभाग ने सोमवार को श्रीसीमेंट फैक्ट्री में आग से बचाव का प्रशिक्षण देने को मॉकड्रिल का आयोजन किया। मॉकड्रिल के दौरान फैक्ट्री कर्मचारियों को आग से बचाव व आपात परिस्थितियों में किए जाने वाले बचाव के संबंध में जानकारी दी गई।
इस दौरान सीओ अविनाश वर्मा ने कहा कि सावधानी बरतने पर अग्निकांडों से बचा जा सकता है। यदि लोग जागरूक हों तो आगजनी जैसी घटनाओं से होने वाले नुकसान को कम किया जा सकता है। औद्योगिक इकाइयों में आग व दूसरे खतरों को देखते हुए कर्मचारियों को इसके लिए प्रशिक्षण दिया जाना चाहिए। फैक्ट्री के अतिरिक्त महाप्रबंधक आलोक मोरोलिया ने कहा कि फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से सुरक्षा दिवस व सुरक्षा सप्ताह का आयोजन किया जाता है। इसमें कर्मचारियों को प्रशिक्षित करने के अलावा उन्हें आपात परिस्थितियों में किए जाने वाले बचाव की भी जानकारी दी जाती है। इस दौरान अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने फैक्ट्री में आग लगने पर कर्मचारियों को बचाने तथा आग बुझाने का डेमो दिया। साथ ही कर्मचारियों को आपात परिस्थितियों में आग बुझाने, घायल कर्मचारियों की मदद करने आदि को लेकर टिप्स दिए गए। मॉकड्रिल के दौरान फायर सेफ्टी ऑफिसर मेहताब खान, महाप्रबंधक आलोक मोरोलिया, सुरक्षा प्रभारी महादेव परमार, सुरक्षा अधिकारी अमित मलिक, अघ्र्श्वनी शर्मा, विष्णु वर्मा, समेत फैक्ट्री के सभी अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।











