देहरादून। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआइ) ने आयुर्वेद विवि व एचएनबी गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय में शुल्क वृद्धि के विरोध में रेसकोर्स स्थित विधायकों के आवास के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को गेट पर ही रोक दिया, जिससे छात्रों व पुलिसकर्मियों के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई। इसके बाद एनएसयूआइ नेताओं ने सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया।
एनएसयूआइ कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष मोहन भंडारी के नेतृत्व में रेसकोर्स स्थित विधायकों के आवास के बाहर पहुंचे। इस दौरान भंडारी ने कहा कि जिस प्रकार से जनप्रतिनिधि मूक दर्शक बने हुए हैं उससे साफ है कि प्रदेश सरकार छात्रों के प्रति संवदेनशील नहीं है। एनएसयूआइ ने तय किया है कि आने वाले दिनों में सभी कैबिनेट मंत्री के आवासों व मुख्यमंत्री आवास पर सीटी बजाकर प्रदर्शन करेंगे।
प्रदर्शनकारियों ने आवास में प्रवेश करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस कर्मियों ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई। मौके पर पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट प्रदर्शनकारियों को समझाकर शांत किया। प्रदर्शन करने वालों में एनएसयूआइ के जिला अध्यक्ष सौरभ ममगाईं, आयुष गुप्ता, विपुल गौड़, आदित्य बिष्ट, अभिषेक डोबरियाल, राजेश भट्ट, आसिफ मालिक, उदित थपलियाल, अक्षित रावत आदि शामिल थे।











