विकास नगर में यमुना में अवैध खनन रोकने गए सिपाही पर चढ़ाया ट्रैक्टर

219
Share

देहरादून। देहरादून के पास विकासनगर में यमुना में अवैध खनन रोकने गए पुलिस टीम पर खनन माफिया ने हमला कर दिया। टीम में शामिल एक सिपाही को खनन से भरे ट्रैक्टर-ट्राली से कुचलने का प्रयास किया गया। घटना में सिपाही के जबड़े और पसलियों में गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर एक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा फरार है। देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अरुण मोहन जोशी ने कहा कि मामला गंभीर है। अवैध खनन पर अंकुश लगाने के साथ ही इस तरह की घटनाओं पर रोक के लिए ठोस रणनीति बनाई जा रही है।
घटना शनिवार तड़के की है। यमुना में अवैध खनन की सूचना पर देर रात पुलिस की टीम ढकरानी गांव के पास पहुंची। टीम में शामिल तीन सिपाहियों ने वहां खनन से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को रुकने का इशारा किया। एसएसआई गिरीश नेगी ने बताया कि ट्रैक्टर चालक राजेश निवासी फतेहपुर टांडा थाना मिर्जापुर जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) और ट्रैक्टर मालिक मोहित पुत्र रमेश पाल निवासी ढकरानी देहरादून ने ट्रैक्टर की स्पीड बढ़ाकर ट्रैक्टर पुलिस की तरफ दौड़ा दिया।
दो सिपाही तो किसी तरह खुद को बचा गए, लेकिन सिपाही मनोज कुमार उसकी चपेट में आकर गिर गया। दुस्साहस यह कि इसके बावजूद चालक ने एक बार फिर ट्रैक्टर के अगले पहिए मनोज पर चढ़ा दिए और वहां से वाहन के साथ फरार हो गया। साथी सिपाहियों नेे घटना की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दी और घायल को विकासनगर के लेहमन अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने घायल को हायर सेंटर रेफर किया। इस पर साथी जख्मी को लेकर देहरादून के सिनर्जी अस्पताल पहुंचे। यहां मनोज का उपचार चल रहा है।

LEAVE A REPLY