Share

हरिद्वार। निजी आयुर्वेदिक कॉलेजों में फीस बढ़ोत्तरी को लेकर हाईकोर्ट के आदेशों की अवहेलना के खिलाफ मंगलवार को कांग्रेसियों ने एसएमजेएन पीजी कॉलेज के छात्रों को जागरूक किया। आंदोलन में सहयोग करने के साथ विभिन्न माध्यमों से विरोध की अपील की।
देहरादून में पिछले 35 दिनों से धरने पर बैठे आयुर्वेदिक कॉलेज के छात्रों को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के पूर्व सचिव प्रकाश जोशी ने न केवल उन्हें समर्थन किया, वरन दिन रात धरने में शामिल रहे। श्री जोशी के आह्वान पर युवा कांग्रेसी प्रदेश के सभी कॉलेजों में जनजागरण और सहयोग की अपील कर रहे हैं। इसी क्रम में युवा कांग्रेसी रवि बहादुर और कांग्रेस के प्रदेश सचिव अनिल भास्कर के नेतृत्व में कांग्रेसी एसएमजेएन कॉलेज पहुंचे। छात्रों और शिक्षकों से सहयोग की अपील की। एसएमजेएन के छात्रों ने बताया कि पीजी कॉलेज में परीक्षा शुल्क में जो वृद्धि की गई है, उसका वह विरोध करते हैं। युवा कांग्रेस नेता रवि बहादुर ने कहा कि सरकार को उच्च न्यायालय के आदेशों को मानने के लिए निजी कॉलेजों को तत्काल आदेशित करना चाहिए। कहा कि सरकार इस मुद्दे पर शांत है। इससे प्रतीत होता है कि वह निजी कॉलेजों के साथ मिलकर छात्रों और उनके माता पिता का शोषण कर रहे हैं। अनिल भास्कर ने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश स्तर पर इस मुद्दे को लेकर संघर्ष करने का मन बना लिया है। पिछले पांच दिनों से प्रदेश के सभी जिलों में कांग्रेस उठ खड़ी हुई है। सरकार को यह आदेश वापस लेने और उच्च न्यायालय के आदेशों को मानने के लिए बाध्य किया जाएगा। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष संजय अग्रवाल ने कहा कि जमीनी स्तर की इस लड़ाई में कांग्रेस का एक-एक साथी जनांदोलन को तैयार है। इस अवसर पर नितिन तेश्वर, दीपक टंडन, विभाष मिश्रा, जितेंद्र सिंह, बलविद्र सिंह, अरशद ख्वाजा, हिमांशु बहुगुणा, राम कुमार शर्मा, हिमांशु बहुगुणा आदि उपस्थित रहे।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *