हरिद्वार। गढ़वाल आयुक्त रविनाथ रमन ने भीड़ नियंत्रण करने को कुंभ की सबसे बड़ी चुनौती बताया। उन्होंने एनएचएआइ की हाईवे निर्माण में धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए हर हाल में सिंहद्वार, पतंजलि फ्लाईओवर को अधिकतम तीन महीने में शुरू करें। साथ ही, अब तक हाईवे के गड्ढे न भरे जाने पर भी उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाई।
सोमवार को कुंभ की तैयारियों को लेकर गढ़वाल आयुक्त ने अधिकारियों की बैठक ली। गढ़वाल आयुक्त मेला अधिष्ठान की ओर से कुंभ मेले के लिए कराए जा रहे कार्यों को लेकर बैरागी कैंप के नीलधारा में बन रहे नए घाटों, पुलों का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने घाटों के निर्माण में तेजी लाने का निर्देश दिए। इसके बाद वे बैरागी कैंप नीलधारा से कनखल के सतीकुंड होते हुए सिंहद्वार पहुंचे। उन्होंने सिंहद्वार फ्लाईओवर को हर हाल में 31 मार्च तक पूरा करने के निर्देश दिए। दोपहर हुई बाद बैठक में गढ़वाल आयुक्त ने हाईवे निर्माण की धीमी गति पर एनएचआइ के अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने अधिकारियों को दो टूक कहा कि यदि काम में तेजी नहीं आएगी तो अगली बार वह मुख्य सचिव की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में इसे उठाकर सीधे नेशनल हाईवे अॅथारिटी आफ इंडिया के चेयरमैन से ही बात करेंगे। अपर मेलाधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने भी आशंका जताई कि यदि हम कहीं पर फंसेंगे तो केवल एनएचएआइ के लचर कार्य के चलते। गढ़वाल आयुक्त ने अब तक कुंभ मेले में स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई प्रस्ताव न होने पर हैरत जताई।











