Share

एजेंसीं न्यूज
उन्नाव। भारतीय जनता पार्टी के फायरब्रांड नेता और उन्नाव से सांसद साक्षी महाराज ने अयोध्या में राम मंदिर को लेकर बड़ा बयान दिया है। अयोध्या में विवादित भूमि का फैसला सुप्रीम कोर्ट में सुरक्षित रहने के बाद साक्षी महाराज ने अयोध्या में श्रीराम के मंदिर के निर्माण की तारीख भी घोषित कर दी है।
दो दिवसीय उन्नाव दौरे पर उन्होंने बयान दिया कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण छह दिसंबर से पहले शुरू होगा। उन्होंने कहा कि मैं इसके लिए सुप्रीम कोर्ट के जजों को धन्यवाद देता हूं, जिन्होंने दोनों पक्षों को बहुत ही गंभीरता से सुना। इसके साथ ही साथ उन्होंने ही कहा मुझे लगता है कि आगामी छह दिसंबर से हम अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण शुरू कर देंगे। उन्नाव के दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन शनिवार को साक्षी महाराज ने कहा सुप्रीम कोर्ट में राम मंदिर की सुनवाई चल रही थी। वो अब लगभग पूरी हो चुकी है सिर्फ इसमें फैसला आना बाकी है।
उन्होंने कहा कि मैं इसके लिए सुप्रीम कोर्ट के जजों को धन्यवाद देता हूं। जिन्होंने दोनों पक्षों को बहुत ही गंभीरता से सुना। भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने कहा कि पुरातत्व विभाग ने भी अपने तथ्य सुप्रीम कोर्ट में प्रस्तुत किए थे, वहीं शिया वक्फ बोर्ड ने लिख कर दिया कि अयोध्या में राम मंदिर बनना चाहिए।
साक्षी महाराज ने आगे कहा कि जिस प्रकार धारा 370, 35 ए पीएम नरेंद्र मोदी ने खत्म किया है, उसी प्रकार यह भी एक मील का पत्थर साबित होने वाला है। सुप्रीम कोर्ट को तो इसका श्रेय जाएगा ही और मुसलमानों को भी जाएगा, जिन्होंने समर्थन किया है। मोदी जी और अमित शाह को इसका श्रेय जाना चाहिए जिनके कार्यकाल में ऐसा सौहार्दपूर्ण माहौल बना। जैसे कश्मीर से 370 हटाने के बाद एक पत्ता तक नहीं हिला, हमें विश्वास है कि राम मंदिर पर जो भी फैसला आएगा मोदी जी के नेतृत्व वाली सरकार में गृह मंत्री अमित शाह के कार्यकाल में हिंदू और मुसलमान मिलकर के अयोध्या में छह दिसंबर से भव्य मंदिर का निर्माण करेंगे। साक्षी महाराज ने कहा कि मेरी अंतरात्मा यही कहती है, जो तथ्य प्रस्तुत किए गए, दोनों पक्षों को सुना गया है और मुसलमानों ने भी बढ़-चढ़कर के श्रीराम का सम्मान करने का प्रयास किया है। उसके आधार पर मैं कह सकता हूं कि फैसला श्रीराम के पक्ष में आएगा।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *