Share

देहरादून। नगर पालिका डोईवाला बोर्ड की बैठक में निर्वाचित सभासदों ने जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा व जन समस्याओं का निराकरण नहीं होने का आरोप भी लगाया। बोर्ड की बैठक में सभासदों व पालिका अधिकारियों के बीच कुछ मुद्दों पर तीखी नोकझोंक भी हुई। सभासदों ने अपने- अपने क्षेत्र की बिजली, पानी, सड़क व मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर प्रस्ताव रखे। बैठक में आगामी वित्तीय वर्ष के लिए 14 करोड़ 33 लाख 27 हजार की आय व निर्माण व विकास कार्यों के लिए 11 करोड़ 82 लाख 75 हजार के बजट को स्वीकृति भी दी गई।
सभासद राजेश भट्ट ने जौलीग्रांट थानों मार्ग का नाम पूर्व विधायक रणजीत सिंह वर्मा के नाम पर रखे जाने का प्रस्ताव भी रखा। वहीं सभासद गौरव मल्होत्रा ने ऋषिकेश रोड पर टीवीएस वाली गली शहीद भगत सिंह मार्ग के नाम से रखे जाने का प्रस्ताव रखा।
नगर पालिका अध्यक्ष सुमित्रा मनवाल की अध्यक्षता व अधिशासी अधिकारी बीजेपीएस चैहान के संचालन में आयोजित बोर्ड की बैठक में सर्वसम्मति से 13 प्रस्तावों पर चर्चा के साथ पिछली कार्यवाही की पुष्टि भी की गई।
कई सभासदों ने मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप नगर निकायों में सम्मिलित किए गए क्षेत्रों में से आवासीय भवनों से 10 वर्ष तक भवन कर नहीं वसूले जाने के संबंध में प्रस्ताव भी पारित कराया। बोर्ड की बैठक में नियमित कर्मचारियों के सातवें वेतनमान का एरियर दिए जाने, पालिका कर्मचारी रहे स्वर्गीय महेंद्र की पत्नी नीरु देवी को नियुक्ति दिए जाने, सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए ट्रैक्टर ट्रॉली किराये पर लेने, वित्तीय वर्ष में कराए जाने वाले निर्माण कार्य पर चर्चा के साथ प्रत्येक वार्ड में बजट की उपलब्धता के अनुसार पांच लाख रुपये के निर्माण कार्य कराए जाने की स्वीकृति व दैनिक, संविदा, आउटसोर्स, कर्मियों के मानदेय में वृद्धि का प्रस्ताव भी पारित किया गया।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *