Share

एजेंसी न्यूज
बाराबंकी। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मोदी सरकार ने अनुच्छेद 370 हटाकर सरदार पटेल, भीमराव आंबेडकर और श्यामा प्रसाद मुखर्जी का सपना साकार किया है। इसका विरोध कर राहुल गांधी ने पटेल, आंबेडकर और मुखर्जी का अपमान किया। कांग्रेस सुरक्षा नहीं दे सकती, महापुरुषों का सम्मान नहीं कर सकती, ऐसे विपक्षी दलों को वोट मांगने का अधिकार है क्या?
उत्तर प्रदेश में 11 सीटों पर हो रहे उपचुनाव में भाजपा ने चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रचार की कमान संभाल ली है। मंगलवार को ताबड़तोड़ रैलियों के बाद बुधवार को बाराबंकी के सफदरगंज स्थित फतेहचंद जगदीश राय इंटर कॉलेज में सीएम योगी ने सभा की शुरुआत की है। यहां से वह बहराइच, अंबेडकरनगर और फिर मऊ जिले की घोषी सीट से प्रचार कर जनता से सीधा संवाद स्थापित करेंगे।
बाराबंकी के सफदरगंज स्थित फतेहचंद जगदीश राय इंटर कॉलेज की विजय संकल्प जनसभा में सीएम ने कहा कि भाजपा भारत के सामान्य नागरिक की पार्टी है। किसी नेता के भाई, बेटा, पत्नी को नहीं कार्यकर्ताओं को टिकट दिया। इसमें ही कार्यकर्ता सांसद, विधायक और प्रधानमंत्री बन सकता है। गरीब के हक में योजनाएं बनाते ही नहीं बल्कि लागू भी करते हैं हम। इस उपचुनाव में आप सभी सुरक्षा, विकास और आगे बढ़ाने को वोट दें। भ्रष्टाचार, आतंकवाद और अराजकता से मुक्ति भाजपा दिलाएगी।
वहीं, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने देश के प्रधानमंत्री का अपमान किया है। मोदी जी ने 11 करोड़ शौचालय बनवाकर महिलाओं का सम्मान किया है। उन्होंने मंगल पर तिरंगा फहराया है। मंच पर सांसद उपेन्द्र रावत, प्रत्याशी अम्बरीष रावत, प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ल, विधायक शरद अवस्थी, राम नरेश रावत, साकेंद्र प्रताप वर्मा, सतीश शर्मा, जिलाध्यक्ष अवधेश श्रीवास्तव भी मौजूद रहे।
बाराबंकी में संबोधन के बाद सीएम हेलिकॉप्टर से बहराइच स्थित बलहा विधानसभा के उर्रा बाजार पहुंचे। इस दौरान भारी संख्या में लोग मौजूद रहे। यहां मुख्यमंत्री ने विपक्षी पार्टियों पर तीखे प्रहार करते हुए कहा कि जब से उत्तर प्रदेश में हमारी सरकार आई है तब से सभी गुंडे, माफियाओं को जेल के भीतर भेजने का कार्य किया है। हमारी सरकार नागरिकों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं करेगी। हमारी सरकार ने पूरे प्रदेश में खेल को आगे बढ़ाने के लिए अनेकों जगहों को चिह्नित किया है, जहां से नयी प्रतिभाएं निकलेंगी, नये-नये पहलवान निकलेंगे जो दांव-पेच लगाकर प्रदेश को आगे बढ़ायेंगे।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *