हुकूमत एक्सप्रेस
मुरादाबाद। ट्रैफिक नियमों को लेकर यातायात व थाना पुलिस दोनो ही सारा जोर केवल दुपहिया वाहन चालकों पर ही दिये हुए है। हेलमेट या फिर तीन सवारी को लेकर जितनी सख्ती की जा रही है और धड़ाधड़ चालान काटे जा रहे हैं उससे आधी सख्ती भी अगर बेलगाम आॅटो चालकों पर हो जाये तो वह भी ट्रैफिक नियमों का पाठ अच्छी तरह पढ़ लेंगे मगर ऐसा देखने में नहीं आ रहा है। आज भी अनगिनत सीएनजी आॅटो अपनी मनमानी पर उतारू हैं और यातायात पुलिस के साथ साथ थाना पुलिस भी पूरी तरह बेबस है।
आज भी कई सीएनजी आॅटो में कानफोड़ू साउंड सिस्टम लगे हुए है। इससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं जब कोई महिला या युवती आॅटो में बैठती है तो भद्दे अश्लील गीत आॅटो चालक बजाना शुरू कर देता है। मना करने पर झगड़ा करने पर उतारू हो जाते है। आॅटो में पीछे की साईड में बड़े-बड़े स्पीकर रखे हुए होते हैं जो कि चेकिंग के दौरान पुलिस को दिखाई नहीं देते। वहीं आज भी शायद ही कोई ऐसा आॅटो सड़क पर नजर आये जिसमें तीन सवारियां आगे और चार पीछे न बैठी हों। यह ओवरलोडिंग भी पुलिस को दिखाई नहीं देती। लोगों का कहना है कि पुलिस सारा जोर केवल दुपहिया वाहनो की चेकिंग पर ही दिये हुए है जबकि बेलगाम आॅटो चालकों पर कोई सख्ती नहीं है। छिछोरे आॅटो चालक महिलाओं व स्कूली छात्राओं के लिए सिरदर्द बने हुए है।











