Share

नैनीतालः -राज्यपाल श्रीमती बेबी रानी मौर्य ने मंगलवार को शेरवुड काॅलेज के 150वें स्थापना दिवस पर आयोजित समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल श्रीमती मौर्य ने कहा कि स्कूलों की राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका है। देश का भविष्य शिक्षा की गुणवत्ता पर निर्भर है। भारत की शिक्षा में परम्पराओं, संस्कारों व संस्कृति को महत्व दिया गया है।
राज्यपाल ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य हमेशा से ही विद्यार्थियों को पुस्तकीय शिक्षा देने के साथ-साथ व्यावहारिक शिक्षा देना भी रहा है। उन्होंने कहा कि बुद्धिमत्ता के साथ-साथ भावनात्मक रूप से भी बच्चों को मजबूत होना जरूरी है। बच्चों में परिवार, समाज, राष्ट्र के प्रति संवेदनशीलता और प्रेम की भावना विकसित की जानी जरूरी है। सिर्फ किताबी ज्ञान या प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करना शिक्षा का उद्देश्य नहीं होना चाहिए। बच्चे देश के अच्छे नागरिक बनें, अपने परिवार और समाज के प्रति जिम्मेदारी समझें और राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दें।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ ही कला, संस्कृति व खेल-कूद में भी बच्चों को प्रोत्साहित किया जाना चाहिये। आज सूचना एवं प्रौद्योगिकी के युग में इंटरनेट ज्ञान का आवश्यक माध्यम बन गया है। इण्टरनेट पर हर प्रकार की जानकारी उपलब्ध है। ऐसे में यह आवश्यक हो जाता है कि इण्टरनेट का सही दिशा में सही उपयोग किया जाए।
राज्यपाल ने कहा कि आधुनिक गैजेट्स के युग में पुस्तकों के महत्त्व को नहीं भूलना चाहिये। बच्चों को महापुरुषों के जीवन पर लिखी गई प्रेरणादायक पुस्तकें अवश्य पढ़नी चाहिए। उन्होंने कहा कि यहाँ पढ़ने वाले हर बच्चे को पर्यावरण और जल संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए। प्रत्येक बच्चे को अपने एवं अपने माता-पिता के जन्मदिन पर हर वर्ष एक पेड़ लगाना चाहिए। पेड़ लगाने के साथ-साथ आप सभी पानी को बचाने के लिए भी संकल्प लें और जल के महत्त्व को अच्छी तरह समझें। पानी की एक-एक बूंद अनमोल है, इसका संरक्षण अवश्य करें।
इस अवसर पर जस्टिस मनोज तिवारी, ले.ज(से.नि.)अता हसनैन, ले.ज(से.नि.)दलीप भारद्वाज, एअर मार्शल(से.नि.) सुमित मुखर्जी, श्री दलीप ताहिल, श्री आर.पी.सिंह, डी.जी.पी,एस.आई,टी यू0पी0, मेजर जनरल हरकीरत सिंह, श्री नरेन्द्र दत्त जिला जज नैनीताल एवं श्री अमनदीप संधू प्रिंसिपल शेरवुड काॅलेज आदि उपस्थित थे।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *