Share

हुकूमत एक्सप्रेस
मुरादाबाद। पिछले दिनो एक शादी हाॅल में 57 हजार रूपये का मोबाइल चोरी हो गया था। इस मामले में पीड़ित ने भागदौड़ करते हुए शादी की वीडियो खंगालकर चोर को पकड़ लिया मगर हैरत की बात यह है कि इस मामले में सारे सबूत होने के बावजूद दो-दो थानों की पुलिस कार्यवाही करने से कतरा रही है। क्या यही है योगी की तेज तर्रार पुलिस जो तमाम सबूत होने के बावजूद पता नहीं क्यूं आरोपी पर कार्यवाही नहीं कर पा रही। सोशल मीडिया पर यह प्रकरण चर्चा में आने के बाद भी इस मामले में पुलिस द्वारा कोई कार्यवाही न करना कहीं न कहीं राजनैतिक दबाव का इशारा कर रहा है।
गत 22 अप्रैल को मुगलपुरा थाना क्षेत्रांतर्गत एक शादी समारोह के दौरान जाकिर पुत्र वाजिद इलाही निवासी चैराहा लालबाग हौज वाली मस्जिद का 57 हजार रूपये की कीमत का मोबाइल चोरी हो गया था। जिसकी सूचना 22 अप्रैल को ही थाना मुगलपुरा पुलिस को दे दी गयी थी। इसके बाद पीड़ित द्वारा खुद भागदौड़ करते हुए शादी की वीडियो खंगाली गयी तो उसमें मोबाइल चोरी करने वाला युवक नजर आ गया। जांच पड़ताल के दौरान 27 अप्रैल को मोबाइल चोर को गलशहीद स्थित मरकज वाली मस्जिद के पास से पीड़ित ने दबोच लिया। उसने बताया कि वह नशे की लत के लिए मोबाइल चोरी करता है और नशे का सारा सामान मुगलपुरा क्षेत्र के बरवालान से खरीदता है। वह चरस व स्मैक बेचने का काम भी करता है। मोबाइल के बारे में आरोपी ने बताया कि बडे़ अहाता के पास रहने वाले एक युवक को उसने 1200 रूपये में मोबाइल बेच दिया है। पीड़ित जाकिर आरोपी को लेकर गलशहीद थाने पहुंचा जहां पुलिस ने आरोपी को बैठा लिया मगर तहरीर मुगलपुरा पुलिस को देने को कहा। पीड़ित जब मुगलपुरा थाने पहुंचा तो वहां उससे तहरीर लेने से इंकार कर दिया गया। उधर गलशहीद पुलिस भी कोई कार्यवाही नहीं कर रही।
इस सम्बन्ध में इंस्पेक्टर गलशहीद ने बताया कि पकड़ा गया युवक नशेड़ी व नाबालिग है। लिहाजा किसी अनहोनी की आशंका से उसे फिलहाल हिरासत में नहीं लिया है। दूसरी बात कि घटनास्थल मुगलपुरा का है इसलिए वहीं पर एफआईआर दर्ज होगी। इस सम्बन्ध में जब मुगलपुरा इंस्पेक्टर से बात की गयी तो उन्होनें इस पूरे मामले की जानकारी से ही इन्कार कर दिया।
ताज्जुब की बात है कि सारे सबूत होने के बावजूद दो-दो थानों की पुलिस का इस मामले में कार्यवाही न करना जिसमें कि मोबाइल चोर नेटवर्क का व नशीली दवाओं की खरीद फरोख्त का खुलासा हो सकता है में पुलिस की कार्यशैली पर सवालिया निशान लगा रहा है। लगता है कहीं न कहीं कोई राजनीतिक रसूख आड़े आ रहा है। बहरहाल पीड़ित इस मामले में एफआईआर दर्ज कराने के लिए तहरीर लिये भटक रहा है।
नशेड़ियों के आगे पुलिस भी बेबस
नशेड़ियों के आगे पुलिस भी बेबस है। यूं तो गलशहीद पुलिस ने मोबाइल चोर को रात ही में पकड़ लिया था मगर नशेड़ी व नाबालिग होने के कारण छोड़ दिया। नशेड़ियों से पुलिस भी घबराती है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *