Share

देहरादून 13 मार्च -मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने अल्मोड़ा में भतरोज खान रामनगर मोटर मार्ग पर कालीधार-मुहाना के समीप हुई बस दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगतों की आत्मा की शांति एवं दुःख की इस घड़ी में उनके परिजनों को धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से कामना की है। मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।

मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र ने अल्मोड़ा और नैनीताल के जिलाधिकारियों से वार्ता कर राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने जिलाधिकारियों को सख्त निर्देश दिये है कि राहत एवं बचाव कार्यों में कोई भी कोताही बर्दाश्त नही की जायेगी। घायलों का हर संभव उपचार सुनिश्चित किया जाय। मुख्यमंत्री ने दुर्घटना हेतु अनुमन्य राहत राशि तत्काल वितरित करने के निर्देश भी दिये है। अभी तक प्राप्त सूचना के अनुसार 108 एम्बुलेंस सेवा, राजस्व विभाग एवं पुलिस विभाग की टीम तथा एसडीआरएफ मौके पर भेज दी गई है। आपदा प्रबन्धन के प्रशिक्षित स्वयं सेवकों द्वारा राहत एवं बचाव का कार्य प्रारम्भ कर दिया गया है। सल्ट, भिकियासैंण और भतरोज खान से डाॅक्टरों की टीम भेजी गई है। अभी तक 13 घायलों को रामनगर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में आज एक बस गहरी खाई में गिर गयी जिससे उस पर सवार 13 लोगों की मौत हो गयी और 12 घायल हो गये।
अल्मोडा की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पी रेणुका देवी के मुताबिक बस भतरौंजखान से रामनगर आ रही थी कि सल्ट क्षेत्र में टोटाम के पास गहरी खाई में गिर गयी। इस हादसे में 13 यात्रियों की मौत हुयी है। घायल 12 लोगों में से पांच को हल्द्वानी के सुशील तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जबकि सात का रामनगर सिवल अस्पताल में उपचार चल रहा है। उन्होंने कहा कि घायलों में कुछ की हालत गंभीर बतायी जा रही है।
एसडीआरएफ, पुलिस और गांव वालों की मदद से घायलों को गहरी खाई से बाहर निकाला गया। बस पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गयी है। पुलिस महानिरीक्षक पूरण सिंह रावत और अल्मोड़ा पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंच गये थे।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *