Share
मसूरी/देहरादून 29 दिसम्बर, 2017(सू.ब्यूरो)-मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने शुक्रवार सांय को मसूरी में विंटर लाइन कार्निवाल 2017 के अंतर्गत उत्तराखंड पर्यटन परिषद द्वारा आयोजित उत्तराखंड फूड फेस्टिवल में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र ने एक स्थानीय होटल में श्री गोपाल भारद्वाज द्वारा आयोजित ‘‘एन एग्जीबिशन आफ पिक्टोरियल हिस्ट्री ऑफ मसूरी एंड गोल्डन एरा‘‘ का भी अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र ने मसूरी कार्निवाल में सभी का स्वागत करते हुए कहा कि फूड फेस्टिवल के माध्यम से हमारे व्यंजनों को प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने होटल व्यवसायियों से अपने मैन्यू में स्थानीय व्यंजनों को शामिल करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि हमें अपने व्यंजनों का सम्मान करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि मसूरी आज जैसा है, उसे इस स्वरूप में आने में 200 साल लगे हैं। किसी स्थान को विकसित होने में समय लगता है। राज्य सरकार पर्यटन को बढावा देने के लिए 13 जिलों में 13 नये गंतव्यों को विकसित कर रही है। आल वेदर रोड, रेलवे लाइन एवं एयर कनेक्टिविटी के लिए कार्य तेजी से चल रहा है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र ने प्रसिद्ध गायक हंसराज हंस एवं सैफ संजीव कपूर का उत्तराखंड में स्वागत किया।
इस अवसर पर विधायक श्री गणेश जोशी, नगर पालिका अध्यक्ष मसूरी श्री मनमोहन सिंह मल्ल, सचिव पर्यटन श्री दिलीप जावलकर एवं अध्यक्ष मसूरी महोत्सव समिति श्री एस. मुरगेशन एवं प्रसिद्ध सैफ श्री संजीव कपूर उपस्थित थे।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *