Share

एजेंसी न्यूज
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के शानदार प्रदर्शन से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी बेहद प्रभावित हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी से निर्वाचित 14 मेयर ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके आवास पर भेंट की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उत्तर प्रदेश के निर्वाचित भाजपा के सभी मेयर ने सीएम योगी आदित्यनाथ तथा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पाण्डेय के साथ मुलाकात की। इन सभी का प्रधानमंत्री ने बेहद गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इस दौरान उनके साथ अमेठी नगर पंचायत और जायस नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष भी मौजूद थे। प्रधानमंत्री से भेंट करने के बाद सभी मेयर व नगर पंचायत अध्यक्ष दिल्ली से सूरत के लिए रवाना होना था, लेकिन तूफान ओखी की वजह से उनका दौरा दर कर दिया गया। उन्हें गुजरात में तीन दिन चुनाव प्रचार करना था।
मुलाकात के बाद मुरादाबाद के मेयर विनोद अग्रवाल ने कहा कि पीएम ने कहा है कि नीचे स्तर पर हम जनता के बीच काम करेगें। हमलोग गुजरात जाएंगे, जिससे विकास को देख सकें। उन्होंने कहा कि भाजपा गुजरात में दो तिहाई बहुमत से जीतेगी। कानपुर की मेयर प्रमिला पांडेय ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने हम लोगों से मुलाकात कर हमारी ऊर्जा बढ़ा दी है। उन्होंने कहा कि काम करो और जनता की सेवा करो।
इलाहाबाद की मेयर अभिलाषा गुप्ता ने कहा कि काम करने तथा सभी मामलों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमारे प्रेरणास्रोत हैं। हम भी उनका अनुसरण करेंगे। काम करके शहर के लोगों को मूलभूत जरूरतें उपलब्ध कराते रहेंगे। बरेली के मेयर उमेश गौतम ने कहा कि पीएम से मिलकर बहुत अच्छा लगा। हमारी सफलता विकास के मुद्दे पर जीत है। हम गुजरात जाकर वहां पर रहने वाले उत्तर भारतीयों से मिलेंगे और विकास के नाम पर उनका सहयोग मांगेंगे।
अमेठी के जायस नगर पालिका के चेयरमैन महेश प्रताप सोनकर ने कहा कि हम विकास के मुद्दे पर जीतकर आए हैं। अमेठी में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कुछ भी काम नहीं किया। हम झुग्गी झोपडियों का विकास करेंगे। राहुल गांधी ने अपने गढ़ में रोडशो के जरिये सिर्फ लालीपॉप दिया। विकास कुछ नहीं किया।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *