Share

कासगंज विधानसभा सीट पर यूपी चुनाव 2027 में BJP के पास जीत की हैट्रिक लगाने का मौका है। वहीं, सपा अपना 2012 वाला प्रदर्शन दोहराना चाहती है। समझिए कासगंज सीट के सियासी समीकरण।
कासगंज विधानसभा सीट यूपी की हॉट सीटों में से एक है। कासगंज विधानसभा सीट की संख्या 100 है और यह एटा लोकसभा क्षेत्र की सामान्य श्रेणी की सीट है। पिछले 3 दशकों के चुनावों को देखें तो यहां अधिकतर बार BJP की जीत हुई है। 2 बार सपा और 1 बार BSP को कासगंज सीट जीतने में कामयाबी मिली है। 1993 में कल्याण सिंह भी इस सीट से चुनाव लड़ चुके हैं। BJP कासगंज सीट पर पिछले 2 बार से लगातार जीत रही है और उसके पास यूपी चुनाव 2027 में जीत की हैट्रिक लगाने का मौका है। जानें कासगंज का सियासी इतिहास क्या है और 2027 के विधानसभा चुनाव में इस सीट पर क्या सियासी समीकरण बनने वाले हैं।बात करें 1991 के विधानसभा चुनाव की तो इसमें कासगंज सीट से बीजेपी के नेतराम सिंह ने 32,963 वोट हासिल किए थे, जबकि जनता दल के उमेश चंद्र 17,217 वोटों पर सिमट गए थे। नेतराम सिंह ने यह मुकाबला 15,746 वोटों से जीत लिया था। जनता पार्टी के गोवर्धन सिंह तीसरे नंबर पर रहे थे और उन्हें 16,319 वोट मिले थे।
1993 के चुनाव में बीजेपी ने कल्याण सिंह को कासगंज सीट से उतारा था। कल्याण सिंह ने ये चुनाव सपा के शैलेश कुमार यादव से 24,258 वोटों के अंतर से जीत लिया था। कल्याण सिंह को 50,394 वोट मिले थे, जबकि सपा के शैलेश कुमार यादव 26,136 मत ही पा सके थे। कांग्रेस उम्मीदवार मानपाल सिंह तीसरे स्थान पर रहे थे और उन्हें 17,868 वोट मिले थे। हालांकि, कल्याण सिंह ने बाद में कासगंज विधानसभा सीट को छोड़ दिया था और उन्होंने अतरौली की सदस्यता बरकरार रखी थी। उनके इस्तीफे के बाद यहां 1994 में उपचुनाव हुआ था, जिसमें बीजेपी के ही उम्मीदवार रामस्वरूप को जीत मिली थी।
इसके बाद 1996 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी के नेतराम सिंह एक बार फिर जीत गए थे। नेतराम सिंह को 41,531 वोट मिले थे, जबकि सपा के गोवर्धन सिंह 38,457 वोट ही हासिल कर सके थे। नेतराम सिंह ने ये चुनाव 3,074 वोटों के अंतर से जीत लिया था। वहीं, BSP उम्मीदवार मानपाल सिंह तीसरे नंबर पर रहे थे और उन्हें 32,195 वोट मिले थे।
2002 में मानपाल सिंह ने सपा के टिकट पर चुनाव लड़ा और कासगंज में बाजी मार ली थी। मानपाल सिंह ने 31,958 वोट पाकर बीजेपी के महेंद्र सिंह को 6,546 वोटों के अंतर से हरा दिया था। इस चुनाव में महेंद्र सिंह 25,412 वोट ही हासिल कर पाए थे। नेतराम सिंह इस बार कल्याण सिंह की पार्टी राष्ट्रीय क्रांति पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़े थे और तीसरे नंबर पर रहे थे। नेतराम सिंह 24,315 वोट ही हासिल कर पाए थे। BSP के शैलेश यादव चौथे नंबर पर रहे थे और उन्हें 21,610 वोट मिले थे।
2007 में कासगंज सीट पर पहली बार बीएसपी को कामयाबी मिली। बीएसपी के उम्मीदवार हसरत उल्लाह शेरवानी ने 35,105 वोट हासिल करके बीजेपी के नेतराम सिंह को 2,372 वोटों के अंतर से मात दे दी थी। नेतराम सिंह 32,733 मत ही पा सके थे। 1991 से 2022 के बीच हुए सभी विधानसभा चुनावों में यह सबसे कम अंतर की जीत थी। सपा के मानपाल सिंह इस बार तीसरे नंबर पर रहे थे और उन्हें 25,549 वोट मिले थे।
वर्ष विजेता पार्टी वोट रनरअप पार्टी वोट जीत का अंतर
1991 नेतराम सिंह बीजेपी 32,963 उमेश चंद्र जनता दल 17,217 15,746
1993 कल्याण सिंह बीजेपी 50,394 शैलेश कुमार यादव सपा 26,136 24,258
1996 नेतराम सिंह बीजेपी 41,531 गोवर्धन सिंह सपा 38,457 3,074
2002 मानपाल सिंह सपा 31,958 महेंद्र सिंह बीजेपी 25,412 6,546
2007 हसरत उल्लाह शेरवानी बसपा 35,105 नेतराम सिंह बीजेपी 32,733 2,372
2012 मानपाल सिंह सपा 48,535 हसरत उल्लाह शेरवानी बसपा 38,356 10,179
2017 देवेंद्र सिंह राजपूत बीजेपी 1,01,908 हसरत उल्लाह शेरवानी सपा 49,878 52,030
2022 देवेंद्र सिंह राजपूत बीजेपी 1,23,410 मानपाल सिंह सपा 77,145 46,265
(Source- Election Commission Of India)
मानपाल सिंह ने विधानसभा चुनाव 2012 में कासगंज सीट पर दोबारा सपा की वापसी करा दी। इस चुनाव में मानपाल सिंह को 48,535 वोट मिले थे, जबकि बीएसपी के हसरत उल्लाह शेरवानी 38,356 वोट ही हासिल कर सके थे। मानपाल सिंह को 10,179 वोटों के अंतर से जीत मिली थी। कल्याण सिंह की पार्टी JaKP के देवेंद्र सिंह तीसरे नंबर पर रहे थे और उन्हें 35,047 वोट मिले थे। कांग्रेस चौथे नंबर पर रही थी और उसके प्रत्याशी सईद मुस्तफा शेरवानी 21,656 वोट ही हासिल कर पाए थे।
विधानसभा चुनाव 2017 में हसरत उल्लाह शेरवानी सपा के टिकट पर मैदान में उतरे और बीजेपी के देवेंद्र सिंह राजपूत को चुनौती दी। लेकिन वोटों की गिनती हुई तो जीत बीजेपी के खाते में गई। बीजेपी के देवेंद्र सिंह राजपूत को 1,01,908 वोट मिले, जबकि सपा के हसरत उल्लाह शेरवानी को जनता ने 49,878 वोट ही दिए थे। बीजेपी ने 52,030 वोटों के बड़े अंतर से ये चुनाव जीत लिया था। BSP के उम्मीदवार अजय चतुर्वेदी तीसरे नंबर पर रहे थे और उन्हें 37,818 वोट ही मिले थे।
2022 के विधानसभा चुनाव में देवेंद्र सिंह ने लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की थी। देवेंद्र सिंह को इस चुनाव में 1,23,410 वोट मिले थे, जबकि सपा के प्रत्याशी मानपाल सिंह 77,145 वोटों पर सिमट गए थे। इस बार जीत का अंतर 46,265 वोट रहा था। BSP का प्रदर्शन इस चुनाव में और कमजोर हो गया था। BSP उम्मीदवार मोहम्मद आरिफ 23,001 वोट ही पा सके थे। कांग्रेस के प्रत्याशी कुलदीप कुमार चौथे नंबर पर रहे थे और उन्हें 5,951 वोट मिले थे।1991 से 2022 तक हुए 8 सामान्य विधानसभा चुनावों और 1 उपचुनाव में बीजेपी 6, सपा 2 और बीएसपी 1 बार विजयी हुई। इस दौरान, कांग्रेस को एक बार भी जीत नसीब नहीं हुई। जहां बीजेपी यूपी विधानसभा चुनाव 2027 में कासगंज सीट पर जीत की हैट्रिक लगाना चाहती है तो वहीं, सपा 2012 के विधानसभा चुनाव का प्रदर्शन एक बार फिर दोहराना चाहती है। देखना होगा कि आगामी चुनाव में कासगंज सीट के नतीजे पर BSP और ASP व AIMIM का सामाजिक परिवर्तन मोर्चा क्या प्रभाव डाल सकता है। कासगंज सीट के सामाजिक समीकरण की बात करें तो यह लोधी बहुल सीट है। इसके अलावा, यहां यादव व अन्य OBC वर्ग के वोटर भी निर्णायक संख्या में हैं। कुल मिलाकर कासगंज सीट पर पार्टियों की तरफ से उम्मीदवारों का चुनाव, स्थानीय मुद्दे और वोटर्स की प्राथमिकताएं विजेता का नाम तय कर सकती हैं।

By Admin